राफेल के कॉकपिट से पायलट ने बनाया युद्धाभ्यास का वीडियो: प्रचंड हेलिकॉप्टर को देख मलेशियाई वॉरियर्स हैरान, जोधपुर के आसमान में गरजे फाइटर जेट
Tarang Shakti 2026: जोधपुर में चल रहे बहुराष्ट्रीय वायुसेना युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 में राफेल लड़ाकू विमानों ने नाइट ऑपरेशन में हिस्सा लिया. ऑपरेशन के दौरान एक पायलट ने राफेल के कॉकपिट से एक्सरसाइज का वीडियो बनाया, जिसमें युद्धाभ्यास की झलक देखने को मिली.
Tarang Shakti 2026: राजस्थान के जोधपुर में चल रहे बहुराष्ट्रीय वायुसेना युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 में मंगलवार को कई देशों के अत्याधुनिक लड़ाकू और परिवहन विमानों ने हिस्सा लिया. अभ्यास के दौरान जोधपुर के आसमान में दिन के साथ रात में भी लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनाई दी. नाइट अभ्यास के दौरान राफेल लड़ाकू विमानों की गतिविधियों ने खास ध्यान खींचा.
तरंग शक्ति-2026 में कई देशों की भागीदारी
जोधपुर में हो रहे तरंग शक्ति-2026 बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास में अलग-अलग देशों की वायुसेनाएं और उनके अत्याधुनिक विमान हिस्सा ले रहे हैं. राफेल, प्रचंड और A400M जैसे प्लेटफॉर्म की मौजूदगी ने अभ्यास को खास बना दिया है. नाइट अभ्यास के साथ दिन के समय होने वाली गतिविधियों में भी अलग-अलग तरह के हवाई मिशनों का अभ्यास किया जा रहा है. युद्धाभ्यास का उद्देश्य भाग लेने वाली वायुसेनाओं के बीच ऑपरेशनल तालमेल और संयुक्त अभियानों की क्षमता को मजबूत करना है.
राफेल के कॉकपिट से पायलट ने बनाया युद्धाभ्यास का वीडियो
तरंग शक्ति-2026 के तहत चल रहे पेगासे-26 मिशन में संयुक्त अरब अमीरात स्थित फ्रांसीसी सैन्य एयरबेस से राफेल लड़ाकू विमानों की एक टुकड़ी जोधपुर पहुंची. अभ्यास के दौरान एक पायलट ने राफेल के कॉकपिट से एक्सरसाइज का वीडियो भी बनाया.
जोधपुर एयरबेस पर फ्रांसीसी राफेल की मौजूदगी ने बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास में हवाई अभ्यास को और खास बना दिया. रात के समय भी लड़ाकू विमानों ने अभ्यास किया, जिससे जोधपुर के आसमान में जेट इंजनों की आवाज गूंजी.
जोधपुर एयरबेस पर नाइट अभ्यास के दौरान फ्रांसीसी वायुसेना ने अभ्यास के माहौल को खास अंदाज में साझा किया. फ्रांसीसी वायुसेना के अनुसार, रात की खामोशी के बीच जेट इंजनों के आफ्टरबर्नर की गर्जना और हवाई अभ्यास से ठीक पहले का माहौल बेहद खास था. इस दौरान ग्राउंड क्रू और पायलटों के बीच बेहतर तालमेल के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. तरंग शक्ति अभ्यास में नाइट अभ्यास ने युद्धाभ्यास की जटिलता और व्यापकता को भी दिखाया.
प्रचंड हेलिकॉप्टर को देख मलेशियाई वॉरियर्स हैरान
तरंग शक्ति युद्धाभ्यास में भारत के स्वदेशी प्रचंड हेलिकॉप्टर ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. इसे देखकर मलेशिया से आए एयर वॉरियर्स काफी प्रभावित नजर आए. स्वदेशी हेलिकॉप्टर की क्षमता और अभ्यास में उसकी भागीदारी ने विदेशी दलों का ध्यान अपनी ओर खींचा.
जर्मनी की A400M एटलस भी अभ्यास में शामिल
तरंग शक्ति-2026 युद्धाभ्यास में जर्मनी ने अपना अत्याधुनिक A400M एटलस परिवहन विमान भी जोधपुर एयरबेस पर तैनात किया है. यह वमान भारी सामान और सैनिकों की आवाजाही के साथ जटिल लॉजिस्टिक्स और एयरलिफ्ट अभ्यास के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इस तरह तरंग शक्ति-2026 में लड़ाकू विमानों के साथ परिवहन और एयरलिफ्ट क्षमताओं का भी प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. अलग-अलग देशों की वायुसेनाओं की भागीदारी से यह युद्धाभ्यास बहुराष्ट्रीय स्तर पर हवाई अभ्यास और आपसी तालमेल का बड़ा मंच बन गया है.