रामगंजमंडी में मदन दिलावर का औचक निरीक्षण: सफाई व्यवस्था की खुली पोल, VDO नहीं दिखा पाए सही रिकॉर्ड
Kota News: कोटा के रामगंजमंडी में सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान के दौरान मंत्री मदन दिलावर ने ग्राम पंचायत असक कली में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. उन्होंने सफाई कर्मियों के वेतन और संख्या की जानकारी ली. VDO द्वारा सही भुगतान नहीं दिखा पाने पर मंत्री ने नाराजगी जताई.
Kota News: राजस्थान के कोटा के रामगंजमंडी में सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान पदयात्रा के 5वें दिन शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर अचानक सख्त रूप में नजर आए. सुबह-सवेरे पदयात्रा के ग्राम पंचायत असक कली पहुंचते ही मंत्री मदन दिलावर ने गांव की गलियों का रुख किया और झाड़ू लगा रहे सफाई कर्मियों से रोककर वेतन भुगतान व कर्मचारियों की संख्या की जानकारी ली.
सही रिकॉर्ड न मिलने पर मंत्री ने जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान जब मंत्री मदन दिलावर ने ग्राम विकास अधिकारी अजीत सिंह से ऑनलाइन वेतन भुगतान के प्रमाण मांगे, तो वे दूसरी पंचायत की रसीद के स्क्रीनशॉट दिखाने लगे. सही रिकॉर्ड न मिलने पर VDO बगले झांकते नजर आए. वहीं प्रतिदिन सफाई कराने के निर्देशों के बावजूद वार्डवार बारी-बारी से सफाई कराने की बात सामने आने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई.
मदन दिलावर के कड़े रुख से स्थानीय प्रशासन में हड़कंप
गांव में फैली गंदगी और प्रशासनिक ढिलाई से असंतुष्ट होकर मंत्री मदन दिलावर ने मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी (BDO) समय सिंह मीणा को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए. मंत्री मदन दिलावर के इस कड़े रुख से स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पदयात्रा अगले गांव के लिए रवाना हो गई.
एक दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंचे मदन राठौड़
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रविवार रात जोधपुर पहुंचे. सोमवार सुबह युवा समाज कार्यक्रम में शामिल होने से पहले राठौड़ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इस दौरान ज़ी मीडिया से खास बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव के परिणामों को लेकर कहा कि जनता ने भाजपा को अपार समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की 10 में से 9 नगर निगमों में भाजपा का बोर्ड बना है. यह जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाता है.
प्रदेश में विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं- मदन राठौड़
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा को उम्मीद है कि पंचायतीराज चुनाव में भी जनता का इसी तरह समर्थन मिलेगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं और जनता को इसका लाभ मिल रहा है. सरकार के कामकाज के कारण भाजपा के प्रति जनसमर्थन लगातार बना हुआ है.
कांग्रेस के प्रदर्शन पर राठौड़ ने कसा तंज
कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रदर्शन के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे' जैसी हो गई है. ऐसे में उसे जिंदा रहने के लिए कुछ न कुछ करना ही है और इसी कारण कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है.