SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बीमारी दूर करने आए मरीज को कुतर गए चूहे, प्रशासन ने गार्ड-स्वीपर हटाकर झाड़ा पल्ला !

पाली के बांगड़ जिला अस्पताल में कुत्तों और चूहों का राज है ? सर्जिकल वार्ड में चूहे मरीज को कुतर रहे हैं और प्रशासन "मरीजों से खाने-पीने की चीजें न फेंकने" की अपील कर अपनी नाकामी छिपा रहा है. आखिर 100 करोड़ के बजट वाले अस्पताल में ये बदहाली क्यों ?

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 16, 2026, 12:16 IST | Updated: Nov 16, 2026, 13:25 IST
Image Credit: Pali Bangar Hospital News
Join

पाली के बांगड़ जिला अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों और चूहों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. हालात इतने चिंताजनक हो गए कि सर्जिकल फैब्रिकेटेड वार्ड में भर्ती एक मरीज के पैर को चूहों ने कुतर दिया. इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा के दावों की पोल खोलकर रख दी.

अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज पहले ही बीमारी और परेशानियों से जूझ रहे हैं.  ऐसे में अगर अस्पताल के वार्डों में चूहे और आवारा कुत्ते मरीजों के लिए खतरा बनने लगें, तो यह अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है. मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता की जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होती है. इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है. मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की नींद टूटी और अधिकारियों ने संबंधित वार्ड का निरीक्षण किया. इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में वार्ड प्रभारी और नर्सिंगकर्मी को दूसरे स्थान पर भेजने के निर्देश दिए गए. वहीं, ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड और हेल्पर को भी हटा दिया गया.

अस्पताल प्रशासन ने सर्जिकल फैब्रिकेटेड वार्ड का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए. साथ ही अस्पताल परिसर और वार्डों में नियमित रूप से कीटनाशक नियंत्रण गतिविधियां संचालित करने के लिए भी निर्देशित किया गया, ताकि चूहों और अन्य कीटों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.

पाली बांगड़ अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ आरके विश्नोई ने कहा- कि जैसा कि मीडिया में, डिजिटल मीडिया पर एक वायरल वीडियो हुआ था, कि चूहे काटने की शिकायत आई है. मैं पर्सनली उन मरीजों से भी मिला हूँ, हालांकि उन्होंने काटने से इनकार किया है, लेकिन चूहे जरूर देखे गए हैं. मैं बता दूँ कि अस्पताल में रेगुलर पेस्टिसाइड कंट्रोल प्रोग्राम हमारा चलता रहा है और अभी भी चल रहा है. चूहे अगर हैं तो पेस्टिसाइड कंट्रोल प्रोग्राम को इंटेंसिफाई करके ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति को रोकने का पूरा प्रयास कर रहे हैं. वार्ड प्रभारी को हमने तुरंत प्रभाव से चेंज कर दिया है. वहां के हेल्पर और स्वीपर को भी हटा दिया गया है. गार्ड के ऊपर हमने कार्रवाई आलरेडी कर ही दी है. जो फर्म है उसके ऊपर भी पेनल्टी लगायी गयी है. आम जन से भी मेरी अपील ये रहेगी कि थोड़ा वो भी जागरूक रहें. खाने-पीने की चीजें यहां ना फेंके. अस्पताल में पेस्टिसाइड कंट्रोल प्रोग्राम एक रेगुलर प्रक्रिया है, जिस पर और ज्यादा ध्यान आगे से देंगे.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES