App

BJP ने बजाया चुनावी बिगुल: दादिया से प्रचार रथ रवाना, नितिन नबीन बोले- पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा

Rajasthan Politics: जयपुर के दादिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित सेवा संकल्प सभा से बीजेपी ने राजस्थान पंचायत चुनाव की तैयारियों का आगाज किया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पंचायत चुनाव के प्रचार रथों को रवाना किया.

BJP ने बजाया चुनावी बिगुल: दादिया से प्रचार रथ रवाना, नितिन नबीन बोले- पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा
Image Credit: Nitin Nabin

Rajasthan Politics: जयपुर के दादिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित सेवा संकल्प सभा में बीजेपी ने पंचायत चुनावों के लिए चुनावी बिगुल बजा दिया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पंचायत चुनावों के प्रचार रथों को रवाना किया. वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी सभा को संबोधित किया. बीजेपी नेताओं ने निकाय चुनाव की जीत के बाद पंचायत चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत का दावा किया.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने निकाय चुनाव के परिणाम को बीजेपी पर जनता के विश्वास का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के विकास रथ को जनता का आशीर्वाद मिला है. नितिन नबीन ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का सपना रहा है कि बीजेपी को उस दिशा में लेकर जाएं, जहां पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहराए. बीजेपी इसी दिशा में काम कर रही है.

राहुल गांधी को नितिन नबीन का जवाब

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग हमसे पूछते हैं, हम पर सवाल उठाते हैं. राहुल गांधी पूछ रहे थे कि क्यों बीजेपी सरकारें लगातार आती हैं. क्यों उनके नेता कहते हैं कि 25 साल तक बीजेपी की सरकार आएगी.

राजस्थान की धरती से नितिन नबीन ने राहुल गांधी को जवाब देते हुए कहा कि ये विश्वास जनता की सेवा से आता है, ये विश्वास जनता का भरोसा जीतने से आता है, जनता के लिए काम करने से आता है, नितिन नबीन ने कहा कि आपके समय सरकारें चलती थीं, तो दिल्ली से जब 1 रुपया चलता था, तो आपके प्रधानमंत्री पिता कहते थे कि मात्र 15 पैसे पहुंचते हैं, लेकिन पीएम मोदी ने इसकी चिंता की और कहा कि दिल्ली से 1 रुपया चलेगा, तो गरीब के खाते में सीधे 1 रुपया पहुंचेगा.

पीएम मोदी का कार्यकाल त्याग, सेवा और तप का रहा है- नितिन नबीन

नितिन नबीन ने कहा कि हमारे पंचायतीराज और निकाय जनप्रतिनिधि अंत्योदय की भावना को नीचे तक पहुंचा सकते हैं. पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराएगा वाली भावना पर चल रहे हैं. पीएम मोदी का कार्यकाल त्याग, सेवा और तप का रहा है. जनता की सेवा में वो लगातार तत्पर रहे हैं.

309 निकायों में 200 से ज्यादा में भाजपा जीती है. जीत का सेहरा हमारे सिर पर बंधा है. इसे सेवा के मौके के तौर पर लेना है. हमारी कार्यप्रणाली से जनता का जुड़ाव हो, इस भावना से काम करें. गरीब व्यक्ति नारायण है, इस संकल्प के साथ आगे बढ़ना है. नितिन नबीन ने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि दीपक की पहचान उससे होती है कि उसने कितनी दूर तक उजाला पहुंचाया. उन्होंने अंत्योदय शब्द दिया.

निकाय चुनाव की जीत के बाद पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी BJP

दादिया की सेवा संकल्प सभा से बीजेपी ने निकाय चुनाव की जीत के बाद पंचायत चुनावों के लिए भी माहौल बनाना शुरू कर दिया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पंचायत चुनावों के प्रचार रथ रवाना किए. अब बीजेपी की नजर पंचायतों में जीत के साथ गांव-गांव तक संगठन और सरकार की पहुंच मजबूत करने पर है.

मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

निकाय चुनाव में जीत का जिक्र करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया. मदन राठौड़ ने कहा कि निकाय में जो संकल्प पत्र दिया गया है, उसे पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि एक युद्ध हमने जीत लिया है, पंचायत चुनाव अभी बाकी है.

78 प्रतिशत संकल्प पत्र के काम पूरे- CM भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी ने वन स्टेट, वन इलेक्शन की बात कही थी और अब यह आपके सामने है. निकायों में जीत मिली है और पंचायत चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत मिलेगी. CM भजनलाल ने सरकार के ढाई साल के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि 78 प्रतिशत संकल्प पत्र के काम पूरे किए जा चुके हैं.

पानी और बिजली के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है. डबल इंजन की सरकार विकास के लिए काम कर रही है. CM भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में कानून का राज चलेगा, किसी की मनमर्जी नहीं चलेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More