SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुकंदरा का कमाल ! 250 फीट नीचे चंबल से खींचा पानी, 50 KM पाइपलाइन से बुझेगी प्यास

कोटा में जंगल में पानी की तलाश में भटकते वन्यजीवों के सामने जब पहाड़ की ऊंचाई और चंबल नदी की गहराई चुनौती बनी तो मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व ने इसका हल निकाल दिया. जिसकी चर्चा अब देश के दूसरे टाइगर रिजर्व तक पहुंच रही है. यहां चंबल नदी के पानी को 200 से 250 फीट की गहराई से सोलर पंप के जरिए लिफ्ट कर पहाड़ी इलाकों तक पहुंचाया जा रहा है.

Reported By Chetan Gurjar
Published: Nov 12, 2026, 11:53 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 12:17 PM IST
Image Credit: kota news Mukundra Hills Tiger Reserve
Join

सोलर पंप और 50 KM पाइपलाइन से बदली तस्वीर
रिजर्व के भीतर करीब 40 से 50 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है. पानी पहले एक लाख लीटर क्षमता वाले विशाल फाइबर टैंकों में जमा होता है और फिर पाइपलाइन के जरिए जंगल के अलग-अलग वाटर हॉल तक पहुंचता है. यानी अब वन्यजीवों को पानी के लिए चंबल के किनारे उतरने और फिर ऊंचाई पर चढ़ने की मशक्कत नहीं करनी पड़ रही. मुकंदरा का ये मॉडल सिर्फ पानी पहुंचाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि पहाड़ी जंगलों में वन्यजीव संरक्षण की एक नई तस्वीर पेश कर रहा है. खास बात ये है कि इस पूरी व्यवस्था में सोलर पंप का इस्तेमाल किया जा रहा है. पिछले सात महीने से ये प्रोजेक्ट जारी है और इसके सकारात्मक पहलुओं को हाल ही में मुकंदरा के दौरे पर पहुंची वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन (MEE) टीम ने भी सराहा है. टीम ने इस मॉडल को देश के दूसरे टाइगर रिजर्व में भी अपनाने और प्रमोट करने की जरूरत बताई है.

4 ठिकानों पर 1-1 लाख लीटर के विशाल टैंक
मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराने के लिए चार प्रमुख स्थानों पर एक-एक लाख लीटर क्षमता के फाइबर टैंक स्थापित किए गए हैं. इनमें कोलीपुरा और बोराबास में एक-एक और जवाहर सागर क्षेत्र में दो स्थान शामिल हैं. इन टैंकों में चंबल नदी से लिफ्ट करके पानी पहुंचाया जाता है. इसके बाद पाइपलाइन के जरिए से जंगल के भीतर बने वाटर हॉल भरे जाते हैं. इन वाटर हॉल पर बाघ, तेंदुए समेत वन्यजीव अपनी जरूरत के मुताबिक पानी पी सकते हैं.

250 फीट नीचे चंबल से खींचा जा रहा पानी
मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के सीसीएफ टी. मोहनराज के मुताबिक, रिजर्व का काफी हिस्सा चंबल नदी के किनारे है, लेकिन भौगोलिक परिस्थितियां वन्यजीवों के लिए चुनौती पैदा करती हैं. कई स्थानों पर नदी काफी नीचे और जंगल का इलाका ऊंचाई पर है. ऐसे में वन्यजीवों का बार-बार नीचे उतरना और वापस पहाड़ी क्षेत्र में चढ़ना आसान नहीं होता. गराड़िया महादेव सहित कुछ अन्य इलाकों में भी यही स्थिति सामने आई. विभाग ने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर वहां सोलर पंप लगाए और पानी को लिफ्ट करके टैंकों तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की.

इस परियोजना की सबसे खास बात पानी को इतनी अधिक गहराई से ऊपर तक पहुंचाना है. चंबल नदी से करीब 200 से 250 फीट नीचे से सोलर पंप के जरिए पानी खींचा जा रहा है. इसके बाद उसे फाइबर टैंकों में स्टोर किया जाता है. टैंकों से पाइपलाइन के जरिए पानी जंगल के वाटर हॉल तक पहुंचाया जाता है. इस पूरी व्यवस्था के लिए रिजर्व क्षेत्र में करीब 40 से 50 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है. सीसीएफ टी. मोहनराज के मुताबिक पिछले 7 महीने से ये प्रोजेक्ट लगातार संचालित है. इसका उद्देश्य उन क्षेत्रों में भी पानी उपलब्ध कराना है, जहां प्राकृतिक जलस्रोतों तक वन्यजीवों की पहुंच मुश्किल है. इससे गर्मी और पानी की कमी के दौरान भी जंगल के भीतर जल उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिल सकती है.

दिल्ली से आई टीम ने देखा मॉडल, दूसरे टाइगर रिजर्व में भी लागू करने की चर्चा
मुकंदरा में सिर्फ जल प्रबंधन ही नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी दूसरी व्यवस्थाओं का भी हाल ही में आकलन किया गया. वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की MEE टीम ने दो दिन तक रिजर्व के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान बाघों की निगरानी, ग्रासलैंड डेवलपमेंट, शिकार प्रजातियों की उपलब्धता, जल प्रबंधन और गिद्ध संरक्षण सहित करीब 35 महत्वपूर्ण मानकों पर व्यवस्थाओं को परखा गया. टीम ने चंबल से पानी लिफ्ट कर पहाड़ी क्षेत्रों के वाटर हॉल तक पहुंचाने की व्यवस्था को खास तौर पर सराहा. चर्चा के दौरान इस मॉडल को दूसरे टाइगर रिजर्व में भी प्रमोट करने की बात सामने आई. मुकंदरा के लिए ये अहम उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि जल प्रबंधन वन्यजीव संरक्षण की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है.

मुकंदरा का दायरा 1435 वर्ग किमी हो सकता है
मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के लिए इस बार MEE टीम के दौरे का एक और बड़ा पहलू इसके क्षेत्रफल के विस्तार से जुड़ा है. टीम ने चित्तौड़गढ़ वन मंडल के करीब 300 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को मुकंदरा टाइगर रिजर्व में शामिल करने की संभावनाओं पर चर्चा की है. अगर इस बारें में टीम की सिफारिश नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) को भेजी जाती है और उसे मंजूरी मिलती है, तो मुकंदरा का क्षेत्रफल मौजूदा 1135.78 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर करीब 1435 वर्ग किलोमीटर हो सकता है.

दरअसल, MEE टीम हर चार साल में देश के टाइगर रिजर्व का मूल्यांकन करती है. टीम अपनी रिपोर्ट NTCA को भेजती है और उसकी मंजूरी के बाद सिफारिशों को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है. साल 2022 में मुकंदरा के मूल्यांकन के दौरान भैंसरोडगढ़ के कुछ हिस्सों को रिजर्व में शामिल करने की सिफारिश की गई थी. इसके बाद 2023 में भैंसरोडगढ़ का कुछ क्षेत्र मुकंदरा में शामिल हुआ और रिजर्व का क्षेत्रफल बढ़कर 1135.78 वर्ग किलोमीटर हो गया. अब चित्तौड़गढ़ वन मंडल के 300 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को शामिल करने की संभावित चर्चा से मुकंदरा के विस्तार की नई उम्मीद जगी है.

मुकंदरा की ये पहल दो बड़े बदलावों की ओर इशारा करती है. एक तरफ चंबल का पानी पहाड़ों पर बसे वन्यजीवों तक पहुंचाने के लिए तकनीक और सौर ऊर्जा का इस्तेमाल हो रहा है, तो दूसरी तरफ रिजर्व के दायरे को बढ़ाकर वन्यजीवों के लिए संरक्षण का बड़ा क्षेत्र तैयार करने की संभावना बन रही है. जंगल में पानी की उपलब्धता से लेकर उसके विस्तार तक, मुकंदरा अब वन्यजीव संरक्षण के एक नए मॉडल के रूप में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

चेतन गुर्जर , राजस्थान के टोंक जिले के गांव थड़ी से आते हैं. उन्होंने साल 2019 में जयपुर से पत्रकारिता की शुरुआत की और आज तक (Aaj Tak) के साथ अपनी सेवाएं दीं. फिर साल 2023 में उन्होंने कोटा में रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाली. वे कोटा जिले की प्रमुख खबरों, अपराध, राजनीति, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते रहे हैं. अक्टूबर 2026 से उन्होंने जी मीडिया (Zee Media) के साथ नई शुरुआत की है और अब कोटा में जी मीडिया के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES