SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अमेरिका में हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी से राजस्थान AGTF को बड़ी लीड की उम्मीद !

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य और राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर उर्फ हरिचंद्र जाट की अमेरिका में गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के लिए बड़ी लीड मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Reported By Ashutosh Sharma
Published: Nov 07, 2026, 11:00 AM IST | Updated: Nov 07, 2026, 11:09 AM IST
Image Credit: lawrence bishnoi gangster harry boxer arrested in usa
Join

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर का रहने वाला हैरी बॉक्सर लंबे समय से भारतीय जांच एजेंसियों के रडार पर ह.  विदेश में रहकर गैंग की गतिविधियां संचालित करने के आरोपों के बीच उसकी गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय गैंग नेटवर्क के खिलाफ अहम घटनाक्रम माना जा रहा है.

सेना-पुलिस की तैयारी से गैंगस्टर तक का सफर
हरिचंद्र जाट कभी सेना और पुलिस में भर्ती की तैयारी करता था. जयपुर में बॉक्सिंग सीखने के दौरान उसे बॉक्सर नाम मिला. बाद में उसका नाम राजस्थान के कई जिलों में दर्ज आपराधिक मामलों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क से जुड़ता चला गया. जांच एजेंसियों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर विदेश में रहकर गैंग की गतिविधियों को संचालित करने वाले कथित अपराधियों में शामिल रहा है.

राजस्थान में हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट के मामले
हैरी बॉक्सर के खिलाफ राजस्थान के जयपुर, अलवर, सीकर, धौलपुर और करौली सहित कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई ह.। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराध शामिल बताए जाते हैं. राजस्थान पुलिस के लिए उसके स्थानीय संपर्कों और कथित गुर्गों की पहचान करना लंबे समय से चुनौती बना हुआ है.

रणवीर सिंह से 20 करोड़ की रंगदारी, रोहित शेट्टी को धमकी
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को कथित तौर पर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया था. फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी को धमकी देने के मामले में भी उसका नाम चर्चा में रहा. इस प्रकरण में मुंबई पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था. विदेशी नंबरों से धमकी और वॉइस नोट भेजने के मामले ने लॉरेंस गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच को और गंभीर बना दिया.

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग
कनाडा के सरे स्थित कॉमेडियन कपिल शर्मा के Kap's Cafe पर 2025 में कई बार गोलीबारी हुई थी. इन घटनाओं में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया. हैरी बॉक्सर ने कथित ऑडियो संदेश में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. कैफे पर हमलों को सलमान खान को कार्यक्रम में आमंत्रित करने से जुड़ी धमकियों के साथ जोड़कर भी देखा गया. इस घटनाक्रम ने विदेश में सक्रिय गैंगस्टरों और स्थानीय शूटर्स के नेटवर्क पर सवाल खड़े किए.

अमेरिका में गैंगवार और ICE की हिरासत
अक्टूबर 2025 में कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो क्षेत्र में हैरी बॉक्सर और उसके साथियों पर हमले की खबर सामने आई थी. इस घटना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग और विरोधी गैंग के बीच संघर्ष से जोड़कर देखा गया. फरवरी 2026 में अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ICE ने हैरी बॉक्सर को कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया था. बाद में उसे छोड़े जाने की जानकारी भी सामने आई थी.

AGTF के लिए क्यों अहम हो सकती है गिरफ्तारी ?
अगर अमेरिका में उसकी नई गिरफ्तारी की पुष्टि होती है और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो राजस्थान AGTF के लिए यह बड़ी जांच लीड साबित हो सकती है. उससे पूछताछ में राजस्थान में दर्ज पुराने आपराधिक मामलों, स्थानीय गुर्गों, हथियार सप्लाई, रंगदारी नेटवर्क और विदेश से अपराध संचालित करने के तरीकों को लेकर अहम जानकारी मिलने की संभावना है. राजस्थान से अमेरिका तक फैले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित नेटवर्क में हैरी बॉक्सर की भूमिका अब जांच एजेंसियों के लिए बड़ा सवाल है. भारत प्रत्यर्पण की स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही राजस्थान पुलिस की नजरें इस मामले पर टिकी रहेंगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES