तलवार-सरियों के साथ घर में घुसे लोग, जमीन विवाद में रात को जेसीबी से मकान ढहाने का आरोप
भीलवाड़ा के गंगापुर के पास खाती खेड़ा में जमीन विवाद के चलते रात में मकान पर हमला और तोड़फोड़ का आरोप है. शिकायत के अनुसार, जेसीबी से मकान गिराया गया, पति-पत्नी घायल हुए और मलबे में दबकर एक बकरा व दो मुर्गों की मौत हो गई.
गंगापुर कस्बे के पास खाती खेड़ा चौराहे पर जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला करने और जेसीबी से मकान ध्वस्त करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि 17 नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे कुछ लोग हथियारों के साथ मकान में घुसे. उन्होंने वहां सो रहे परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जेसीबी लगाकर मकान व मवेशियों का टीनशेड गिरा दिया. इस घटना में पति-पत्नी और उनकी पुत्रवधु घायल हो गए. वहीं, मलबे में दबने से एक बकरे और दो मुर्गों की मौत हो गई. पीड़ित परिवार ने करीब 14 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है.
रात में हथियार लेकर घर में घुसने का आरोप
खाती खेड़ा निवासी धन्नीदेवी पत्नी भेरूलाल बागरिया ने गंगापुर थाने में रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे वह अपने पति भेरूलाल, पुत्रवधु भावना और दो पोतों के साथ अपने कब्जे की जमीन पर बने मकान में सो रही थीं. इसी दौरान बालू, ओमप्रकाश, शांतिलाल, विकास और रतनलाल कुम्हार सहित 20 से 30 अन्य लोग वहां पहुंचे. आरोप है कि उनके हाथों में तलवार, लोहे के सरिए और लाठियां थीं.
सिर पर सरिये से वार कर परिवार से मारपीट
शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने पहले मकान का दरवाजा तोड़ा और जबरन अंदर घुस गए. आरोप है कि बालूराम कुम्हार ने धन्नीदेवी के सिर पर लोहे के सरिये से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं. इसके बाद उनके पति भेरूलाल और पुत्रवधु भावना के साथ भी मारपीट की गई. परिवार का आरोप है कि उन्हें जबरन घसीटकर मकान से बाहर निकाला गया और बेरहमी से पीटा गया.
जेसीबी से मकान और टीनशेड गिराया
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने जेसीबी मशीन से मकान और मवेशियों का टीनशेड पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. मकान में बंधे एक बकरे और दो मुर्गों की मलबे में दबने से मौत हो गई. वहीं, अन्य मवेशियों को भी गंभीर चोटें आईं. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि मकान में रखे सामान में आग लगा दी गई, जिससे घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर अपने साथ ले जाने का आरोप है.
14 लाख रुपए के नुकसान का दावा
धन्नीदेवी ने रिपोर्ट में बताया कि मकान गिराने और सामान जलाने से करीब 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ है. इसके अलावा गले में पहनी पांच तोला वजन की रामनामी और मादलिया छीनकर ले जाने का आरोप लगाया गया है. इनकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है. इस तरह परिवार ने कुल 14 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है.
पुलिस ने किया मौका मुआयना
घटना की सूचना मिलने पर गंगापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. पीड़िता ने गंगापुर थाने और पुलिस उप अधीक्षक को भी शिकायत दी है. पुलिस को दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है.