22 की उम्र और जीरो अनुभव ! कोटा के इन दो दोस्तों ने 25 बीघा खेत में किया ऐसा चमत्कार, बड़े-बड़े किसान हैरान
कोटा के इन दोनों दोस्तों ने सीए (CA)और बायोटेक (Biotech)की पढ़ाई का खेतों में शानदार इस्तेमाल किया और बिना रासायनिक खाद के मिट्टी में जांन फूंक दी. दोनों दोस्त गाय के गोबर से स्ट्रॉबेरी और ब्रोकली उगा रहे हैं.
राजस्थान के कोटा में 22 साल की उम्र में दो दोस्तों ने ऐसा रास्ता चुना, जिस पर चलने से पहले उनके पास न कोई पुराना अनुभव था और न ही खेती की तकनीकी जानकारी. महावीर नगर निवासी हर्षित जैन और स्काईलाइन निवासी सन्मय जैन ने पढ़ाई के साथ खेती को अपना लक्ष्य बनाया. दोनों ने पारंपरिक तरीके से अलग हटकर जैविक खेती की शुरुआत की और अब पारलिया गांव में 25 बीघा जमीन पर सखी फार्म्स के नाम से खेती कर रहे हैं.
दोनों दोस्तों ने नवंबर 2024 में अपनी कंपनी बनाई और जून 2025 से खेत में काम शुरू किया। शुरुआती दौर में कृषि सामग्री की जानकारी जुटाने, फसलों को जरूरी पोषण देने, कीटों की पहचान करने और रोगों से बचाव के तरीके सीखने जैसी कई चुनौतियां सामने आईं. खेती का कोई पुराना अनुभव नहीं होने के बावजूद दोनों ने खुद सीखते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया. शुरुआत लौकी, टमाटर और भिंडी जैसी फसलों से की गई. धीरे-धीरे प्रयोग सफल होते गए और खेत में फसलों की विविधता भी बढ़ती चली गई.
एक खेत में कई तरह की फसलें, स्ट्रॉबेरी से लेकर स्वीट कॉर्न तक
आज सखी फार्म्स के खेत में सिर्फ पारंपरिक सब्जियां ही नहीं, बल्कि कई तरह की फसलें उगाई जा रही हैं. खीरा, स्वीट कॉर्न, स्ट्रॉबेरी, गेहूं, मक्का, तिल, गन्ना, ब्रोकली, पालक, गाजर और चुकंदर जैसी फसलें यहां तैयार की जा रही हैं. दोनों दोस्तों ने खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला किया है. फसलों के पोषण से लेकर कीटों और रोगों से बचाव तक प्राकृतिक और जैविक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है.
मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन 0.17 से बढ़कर 0.35 प्रतिशत पहुंचा
दोनों युवाओं की खेती का मकसद सिर्फ उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि जमीन की सेहत सुधारना भी है. खेती शुरू करने से पहले खेत की मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा महज 0.17 प्रतिशत थी. जैविक संसाधनों के लगातार इस्तेमाल के बाद ये बढ़कर 0.35 प्रतिशत हो गई है. अब अगले तीन साल में इसे एक प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए प्राकृतिक खाद, जैविक संसाधनों और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने वाले तरीकों पर लगातार काम किया जा रहा है.
25 बीघा में 1000 से ज्यादा पेड़, बागवानी पर भी फोकस
खेती के साथ दोनों दोस्तों ने खेत में पेड़-पौधे लगाने पर भी विशेष ध्यान दिया है. 25 बीघा जमीन पर 1000 से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं. इनमें ताइवान पिंक अमरूद के 300, नींबू के 360, जामुन के 100 और आम्रपाली किस्म के 124 पेड़ शामिल हैं. इसके अलावा आम की अन्य किस्मों के पेड़ भी लगाए गए हैं. खेत में गेंदा और हरी खाद वाली फसलें उगाकर जैव विविधता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.
पांच गायों के गोबर और गौमूत्र से तैयार हो रही जैविक खाद
खेत में जैविक खाद तैयार करने के लिए पांच गायों के गोबर और गौमूत्र का इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा जीवामृत, वर्मीवॉश, वेस्ट डी-कंपोजर, ट्राइकोडर्मा और जैविक कीटनाशकों का उपयोग किया जा रहा है. सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन और मल्चिंग तकनीक अपनाई गई है. इससे पानी का बेहतर उपयोग करने और फसलों की देखभाल में मदद मिल रही है.
एक संभाल रहे खेती, दूसरे ने संभाला बिजनेस और वित्तीय प्रबंधन
दोनों दोस्तों ने अपनी पढ़ाई को भी खेती के काम से जोड़ दिया है. हर्षित जैन बायोटेक्नोलॉजी के स्टूडेंट हैं और खेत में मिट्टी की गुणवत्ता, फसलों के पोषण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालते हैं. वहीं सन्मय जैन सीए इंटरमीडिएट पास हैं और कंपनी के वित्तीय प्रबंधन तथा बिजनेस से जुड़े काम देखते हैं. दोनों ने अपनी अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं को एक ही उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया है.
22 साल की उम्र में खेती की शुरुआत करने वाले इन दोनों दोस्तों की कहानी सिर्फ दो युवाओं के नया काम शुरू करने तक सीमित नहीं है. बिना अनुभव के खेत में उतरे हर्षित और सन्मय ने सीखने, प्रयोग करने और लगातार मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है. 25 बीघा में जैविक खेती, 1000 से ज्यादा पेड़ और मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाने का लक्ष्य उनकी इसी सोच को दिखाता है. उनका प्रयास है कि खेती को सिर्फ उत्पादन का जरिया नहीं, बल्कि स्वस्थ मिट्टी और सुरक्षित भोजन से जुड़ी एक जिम्मेदारी के रूप में भी आगे बढ़ाया जाए.