कोटा में स्टूडेंट्स की भयंकर भिड़ंत! एक-दूसरे पर फेंके पटाखे... मारपीट का VIDEO वायरल
कोटा में दिवाली की रात कोचिंग स्टूडेंट्स ने जमकर हंगामा किया. लैंडमार्क सिटी में छात्रों ने एक-दूसरे पर पटाखे फेंके, जबकि कोरल पार्क में मारपीट हुई. दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आए हैं. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान कर रही है.
कोचिंग सिटी कोटा में दीपावली की रात स्टूडेंट्स के हंगामे की दो घटनाएं सामने आई हैं. कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी में कुछ छात्रों ने आतिशबाजी के दौरान एक-दूसरे पर पटाखे फेंके. वहीं, बोरखेड़ा के कोरल पार्क इलाके में पटाखे चलाने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया. दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं.
लैंडमार्क सिटी में एक-दूसरे पर फेंके पटाखे
दीपावली की रात लैंडमार्क सिटी में कुछ कोचिंग स्टूडेंट्स आतिशबाजी कर रहे थे. इस दौरान छात्रों ने पटाखों को एक-दूसरे की तरफ फेंकना शुरू कर दिया. वीडियो में छात्र एक-दूसरे को निशाना बनाकर पटाखे फेंकते नजर आ रहे हैं. आतिशबाजी के दौरान छात्रों ने जमकर हंगामा किया. घटना का वीडियो मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद इस मामले की चर्चा होने लगी.
पुलिस को देखकर मौके से भागे छात्र
लैंडमार्क सिटी में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने वहां मौजूद छात्रों को समझाइश दी. हालांकि, पुलिस को आता देखकर उत्पात मचा रहे कुछ छात्र मौके से भाग निकले. अब पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हंगामा करने वाले छात्रों की पहचान करने में जुटी है. उनकी तलाश भी की जा रही है.
ये भी पढ़ें- मौलाना ने प्लानिंग से बेटी को परिवार से किया दूर! पिता बोले- 'हमने तो भरोसे से बच्ची को पढ़ने भेजा था...
कोरल पार्क में छात्रों के बीच जमकर मारपीट
इधर, दिवाली की रात बोरखेड़ा के कोरल पार्क इलाके में भी छात्रों के बीच विवाद हो गया. यहां पटाखे चलाने के दौरान छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्र आपस में मारपीट करने लगे. मौके पर छात्रों के बीच जमकर हाथापाई हुई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्र वहां से भाग निकले.
दिवाली की रात दो जगह हंगामे के वीडियो आए सामने
कोटा में दीपावली की रात हुई इन दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद छात्रों के हंगामे की चर्चा है. लैंडमार्क सिटी में पटाखों से एक-दूसरे को निशाना बनाने का मामला सामने आया, जबकि कोरल पार्क में विवाद मारपीट तक पहुंच गया. पुलिस लैंडमार्क सिटी की घटना के वायरल वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान कर रही है.