)
कोटा संभाग के सबसे पुराने नयापुरा रोडवेज बस स्टैंड की बदहाल स्थिति यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. करीब 60 साल पुराने इस बस स्टैंड का भवन जर्जर हो चुका है. छत से प्लास्टर गिर रहा है और सरिए बाहर निकल आए हैं. इसके बावजूद यात्रियों को इसी खस्ताहाल भवन के नीचे बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है. हालात ऐसे हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. पहले भी प्लास्टर गिरने से यात्रियों के चोटिल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
सरकारें बदलीं, लेकिन नहीं बदली बस स्टैंड की तस्वीर
नयापुरा बस स्टैंड की बदहाली लंबे समय से बनी हुई है. सरकारें बदलती रहीं और हर बार जिम्मेदारी तय करने के साथ विकास योजनाओं की बात भी हुई, लेकिन भवन की मरम्मत और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी सुधार नहीं हो सके. इस बस स्टैंड से रोजाना करीब 10 हजार यात्री राजस्थान के अलग-अलग जिलों के लिए सफर करते हैं. इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद जर्जर भवन के नीचे इंतजार करना उनकी सुरक्षा के लिए जोखिम बना हुआ है. ऐसे में सवाल उठता है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?
रोडवेज बसों में भी सुरक्षा इंतजामों की कमी
बस स्टैंड के भवन के साथ यहां संचालित रोडवेज बसों की स्थिति भी चिंताजनक है. जी मीडिया की टीम ने बस स्टैंड पर खड़ी बसों का जायजा लिया तो कई बसों में यात्रियों के बैठने के लिए लगी सीटें फटी और टूटी हुई मिलीं. वहीं, सुरक्षा के लिहाज से जरूरी फायर सिलेंडर भी कई बसों में नहीं मिले. जिन बसों में फायर सिलेंडर मौजूद थे, उनमें से कुछ की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी. इससे बसों में सुरक्षा इंतजामों की नियमित जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
फर्स्ट एड बॉक्स में नहीं मिलीं जरूरी दवाइयां
सबसे गंभीर स्थिति बसों में प्राथमिक उपचार यानी फर्स्ट एड बॉक्स को लेकर सामने आई. कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स मौजूद ही नहीं थे. जिन बसों में बॉक्स मिले, उनमें भी जरूरी दवाइयां नहीं थीं. एक बस के चालक से जब फर्स्ट एड बॉक्स दिखाने को कहा गया तो वह खाली मिला. ऐसे में सफर के दौरान किसी यात्री के चोटिल होने या अचानक आपात स्थिति आने पर उसे प्राथमिक उपचार कैसे मिलेगा? यह भी बड़ा सवाल है कि बसों में अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की जिम्मेदारी किसकी है और नियमित रूप से इनकी जांच क्यों नहीं हो रही?
कबाड़ जैसी हालत में नजर आईं कई बसें
रोडवेज बसों की उम्र और उनके संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. निर्धारित किलोमीटर और तकनीकी स्थिति के आधार पर बसों को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया होती है. इसके बावजूद नयापुरा बस स्टैंड पर कई ऐसी बसें नजर आईं, जिनकी हालत कबाड़ जैसी हो चुकी है. टूटी सीटें, खराब सुविधाएं और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की कमी यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति बयां कर रही हैं.

रोजाना 10 से 12 लाख रुपये राजस्व मिलने का दावा
नयापुरा बस स्टैंड से रोजाना करीब 10 से 12 लाख रुपये का राजस्व मिलने के दावे किए जा रहे हैं. इसके बावजूद बस स्टैंड का भवन और यहां संचालित बसों की हालत व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. यात्रियों की सुरक्षा, बसों की फिटनेस और भवन की मरम्मत को प्राथमिकता क्यों नहीं दी जा रही, यह बड़ा सवाल है.
रोडवेज प्रबंधक ने बताई विकास योजना की स्थिति
बस स्टैंड की बदहाल स्थिति को लेकर रोडवेज प्रबंधक अजय मीणा का कहना है कि इसके विकास के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, जमीन की कमी के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी. उन्होंने बताया कि अब इस संबंध में KDA के साथ संपर्क किया गया है. KDA के जरिए बस स्टैंड को विकसित करने की योजना पर बातचीत चल रही है. जल्द ही बस स्टैंड की स्थिति में सुधार करने की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है.
फिलहाल यात्रियों को बस स्टैंड के जर्जर भवन और बसों में सुरक्षा इंतजामों की कमी के बीच सफर करना पड़ रहा है. अब देखना होगा कि विकास योजना कब धरातल पर उतरती है और यात्रियों को कब सुरक्षित सुविधाएं मिल पाती हैं.