दिवाली से पहले वेतन नहीं मिला तो भड़के श्रमिक, कोटा MBS अस्पताल में काम ठप
कोटा के एमबीएस अस्पताल में दीपावली से पहले वेतन और बोनस नहीं मिलने से नाराज 686 ठेका श्रमिकों ने शनिवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया. इससे मरीजों और परिजनों को परेशानी उठानी पड़ी। श्रमिकों ने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान की मांग की.
कोटा में दीपावली से पहले वेतन और बोनस का भुगतान नहीं होने से नाराज एमबीएस अस्पताल के ठेका श्रमिकों ने शनिवार को कार्य बहिष्कार कर दिया. सुबह 9 बजे से श्रमिकों ने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ठेका श्रमिक संघ के एक गुट ने नई बिल्डिंग के बाहर, जबकि दूसरे गुट ने पुरानी बिल्डिंग के बाहर प्रदर्शन किया. इस दौरान श्रमिकों ने ठेकेदार चोर है के नारे लगाते हुए दीपावली से पहले वेतन और बोनस देने की मांग की.
ठेका श्रमिकों के कार्य बहिष्कार का असर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी देखने को मिला.पर्ची काउंटर, दवा वितरण काउंटर, जांच काउंटर, एक्स-रे और लैब सहित अन्य विभागों में काम प्रभावित हुआ. इससे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
686 ठेका श्रमिकों को नहीं मिला वेतन
एकीकृत निविदा कर्मचारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवाशीष सेन ने बताया कि टेंडर शर्तों के अनुसार, ठेका श्रमिकों को हर महीने 7 से 15 तारीख के बीच वेतन मिलता है. मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जेके लोन अस्पताल में 3 नवंबर को और रामपुरा अस्पताल में काम करने वाले ठेका श्रमिकों को दीपावली से पहले वेतन और बोनस का भुगतान हो चुका है, लेकिन एमबीएस अस्पताल के 686 ठेका श्रमिकों को अभी तक वेतन नहीं मिला है. दीपावली के त्योहार पर वेतन और बोनस नहीं मिलने से श्रमिकों को घर चलाने और त्योहार मनाने में परेशानी हो रही है. उन्होंने बताया कि पुरानी बिल्डिंग में सुबह 9 से 12 बजे तक कार्य बहिष्कार किया गया.
आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं
राजस्थान चिकित्सा विभाग निविदा/ठेका कर्मचारी संयुक्त महासंघ जिला शाखा कोटा के अध्यक्ष दिलीप सिंगोर ने कहा कि त्योहार का समय है और सभी के अपने-अपने खर्च हैं. इस बार अस्पताल प्रशासन और ठेकेदार ने दीपावली से पहले वेतन भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन 7 नवंबर को सुबह 11 बजे तक भी श्रमिकों को वेतन नहीं मिला. बिना पैसों के श्रमिक त्योहार कैसे मनाएंगे? नई बिल्डिंग के सामने सुबह 10 से 12 बजे तक कार्य बहिष्कार किया गया. हमारी मांग है कि जल्द से जल्द वेतन और बोनस का भुगतान किया जाए.
दोपहर 2 से 2:30 बजे तक भुगतान का आश्वासन
एमबीएस अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि हर महीने की 5 से 10 तारीख के बीच ठेका श्रमिकों को भुगतान किया जाता है. इस बार श्रमिकों ने दीपावली से पहले वेतन देने की मांग की थी. इस संबंध में ठेका फर्म प्रिंसिपल सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड को सूचना दे दी गई थी. शनिवार को भी ठेका फर्म से बात की गई है. फर्म ने दोपहर 2 से 2:30 बजे तक भुगतान करने की बात कही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंडर की शर्तों में बोनस देने का कोई प्रावधान नहीं है.