धौलपुर के पुरानी छावनी इलाके में अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ बड़ा हादसा हो गया. सदर थाना क्षेत्र में एक मकान की तलाशी के दौरान पोटाश में अचानक चिंगारी उठी और जोरदार विस्फोट हो गया. इसकी चपेट में आने से सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और सदर थाना प्रभारी अमित सिंह घायल हो गए. दोनों के चेहरे और हाथों पर चोटें आई हैं. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों की हालत खतरे से बाहर है.
मुखबिर की सूचना पर मकान में पहुंची थी पुलिस
दीपावली के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानी छावनी इलाके के एक मकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री पोटाश रखी गई है.
सूचना के आधार पर सीओ सिटी प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी अमित सिंह, हेड कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. तलाशी के दौरान मकान में बोरी में भरा पोटाश और अवैध पटाखे मिले.
पोटाश में चिंगारी उठने से हुआ विस्फोट
पुलिस टीम जब पोटाश को जब्त कर रही थी, तभी घर्षण या किसी धातु से निकली चिंगारी के कारण उसमें स्पार्क हो गया. इसके बाद तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर धुएं का गुबार छा गया.
टीम में सबसे आगे खड़े सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और थानाधिकारी अमित सिंह इसकी चपेट में आ गए. दोनों के चेहरे पर जलने जैसी चोटें आईं. साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए.
एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तत्काल निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलने पर एसपी विकास सांगवान भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पहले अस्पताल जाकर घायल अधिकारियों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया.
मकान मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी विकास सांगवान के अनुसार, मौके से भारी मात्रा में पोटाश और अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं. मकान मालिक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. एसपी ने कहा कि अवैध विस्फोटक सामग्री का भंडारण बेहद खतरनाक है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.