बारां जिले में नरेश मीणा की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इसी कड़ी में बारां पुलिस ने छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र के गुंड़ई गांव में देर रात दबिश दी. पुलिस टीम ने गांव स्थित एक फार्म हाउस पर छापेमार कार्रवाई की. पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर हो गए. इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस और आसपास के इलाके में सघन तलाशी ली और कई लोगों से पूछताछ की. इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी रामानंद यादव, छबड़ा सीआई राजेश खटाना सहित पुलिस का जाप्ता मौजूद रहा. छापेमारी के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.
नरेश मीणा की तलाश में लगातार दबिश
नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जिले में अलग-अलग जगहों पर तलाश कर रही है. इससे दो दिन पहले पुलिस ने नयागांव स्थित उसके घर पर भी सुबह करीब पांच बजे छापेमारी की थी. हालांकि, पुलिस को अब तक नरेश मीणा की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली है. गुंड़ई गांव में हुई कार्रवाई को भी इसी तलाश का हिस्सा बताया जा रहा है.
1 नवंबर को वन विभाग कार्यालय में हुई थी तोड़फोड़
नरेश मीणा 1 नवंबर को नाहरगढ़ स्थित वन विभाग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में आरोपित है. इस मामले में पुलिस उसके पांच साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब पुलिस नरेश मीणा की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
25 पैसे का इनाम बना चर्चा का विषय
नरेश मीणा पर बारां पुलिस ने 25 पैसे यानी चवन्नी का इनाम घोषित कर रखा है. इतनी छोटी रकम का इनाम घोषित किए जाने की क्षेत्र में चर्चा हो रही है. वहीं, पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.