SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कोटा में एक और प्रसूता की मौत: 2026 में 11 प्रसूताओं की मौत, आखिर कब थमेगा मौतों का सिलसिला?

कोटा मेडिकल कॉलेज में प्रसूताओं की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है. बारां से रेफर होकर आई फूला बाई की मल्टीपल ऑर्गन फेलियर से मौत हो गई, जबकि गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका. दवाओं के सैंपल सही पाए गए और डॉक्टरों को भी क्लीन चिट मिल चुकी है. ऐसे में अब अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 14, 2026, 13:06 IST | Updated: Nov 14, 2026, 13:10 IST
Image Credit: दवाएं सही, डॉक्टर भी बेदाग... फिर क्यों जा रही प्रसूताओं की जान?
Join

कोटा मेडिकल कॉलेज में प्रसूता महिलाओं की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है. बारां से रेफर होकर कोटा आई एक और प्रसूता महिला की मौत हो गई. महिला की पहचान फूला बाई के रूप में हुई है. 

वह 11 नवंबर को बारां से कोटा रेफर की गई थी. बताया जा रहा है कि महिला करीब एक सप्ताह से तेज बुखार से पीड़ित थी. उपचार के दौरान मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते उसकी मौत हो गई. इस घटना में गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका.

अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था पर उठे सवाल 
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने कोटा संभाग के सरकारी अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्था और रेफरल सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि कई बार प्रसूता महिलाओं के परिजन एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया में उलझे रहते हैं. ऐसे में समय पर उचित उपचार और बेहतर चिकित्सा प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

दवाओं के सैंपल सही, डॉक्टरों को भी क्लीन चिट
इधर, कोटा मेडिकल कॉलेज में प्रसूताओं की मौत के मामलों की जांच के दौरान औषधि नियंत्रण विभाग ने एक दर्जन से अधिक दवाओं के सैंपल लिए थे. जांच रिपोर्ट में सभी दवाओं के सैंपल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए हैं. इसके बाद जिन दवाओं के स्टॉक को एहतियातन होल्ड पर रखा गया था, उन्हें भी क्लीन चिट मिल गई है. मामले में डॉक्टरों को भी जांच के बाद क्लीन चिट मिलने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, दवाओं और डॉक्टरों को क्लीन चिट मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रसूताओं की मौत की वजह क्या रही और इसके लिए जवाबदेही किसकी तय होगी?

यह भी पढ़ेंः 6 महीने तक खुले बाजार में बिकता रहा सरकारी स्कूलों का राशन ! कोटा में 'सिस्टम' की नाक के नीचे करोड़ों का खेल
 

2026 में अब तक 11 प्रसूताओं की मौत 
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में अब तक मई में 5, अक्टूबर में 4 और नवंबर में 2 प्रसूताओं की मौत के मामले सामने आ चुके हैं यानी इन तीन महीनों में कुल 11 प्रसूताओं की जान जा चुकी है. वहीं, पिछले एक महीने में 7 प्रसूताओं की मौत की जानकारी भी सामने आई है.

मंत्री ने गठित की जांच कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने जांच कमेटी गठित की है. कार्यवाहक निदेशक आरसीएच डॉ. रोमेश सिंह कोटा पहुंचकर प्रसूताओं की मौत के मामलों और संभाग के अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था की जांच करेंगे. अब सभी की नजरें जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिकी हैं. सबसे अहम सवाल यही है कि प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे? 
 

Report- Rahul Joshi 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES