SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कोटा में 16 साल के JEE स्टूडेंट ने किया सुसाइड, 6 महीने पहले करने आया था तैयारी

कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय JEE छात्र अजीत का शव पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला. वह छह महीने पहले मध्यप्रदेश से तैयारी करने आया था. पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है. परिजन कोटा पहुंच गए हैं.

Written By Ansh Raj
Published: Oct 26, 2026, 01:28 PM IST | Updated: Oct 26, 2026, 01:38 PM IST
Image Credit: Jawahar Nagar Police
Join

राजस्थान के कोटा में JEE की तैयारी कर रहे 16 साल के छात्र अजीत की मौत का मामला सामने आया है. वह जवाहर नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर प्रथम इलाके में एक पीजी में रहता था. रविवार रात करीब 10 बजे उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को एमबीएस अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है.

छह महीने पहले कोटा आया था छात्र
डीएसपी मनीष शर्मा के मुताबिक, 16 वर्षीय छात्र JEE की तैयारी कर रहा था और पीजी में रहता था. वह मध्यप्रदेश का निवासी था और करीब छह महीने पहले पढ़ाई के लिए कोटा आया था. जवाहर नगर थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र रविवार को कोचिंग में टेस्ट देकर पीजी लौटा था.

रात करीब 10 बजे कमरे में मिला शव
पुलिस के अनुसार, पीजी में रहने वाले छात्र रात को खाना खाने के बाद अक्सर टहलने जाते हैं. रविवार रात करीब 10 बजे अजीत के सामने वाले कमरे में रहने वाले छात्र ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. उसका कमरा अंदर से बंद था. साथी छात्र ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन गेट नहीं खुला.

इसके बाद उसने पीजी संचालक को इसकी जानकारी दी. पीजी संचालक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अजीत फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

ये भी पढ़ें- गेट पर ताला देख दीवार कूदकर Girls Hostel में घुसा कोच का पति! गंदी हरकतों से परेशान होकर 50 छात्राओं ने SP से लगा दी गुहार
 

पुलिस छात्र को अस्पताल लेकर पहुंची
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. छात्र को कमरे से उतारकर एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस ने रात में ही परिवार को घटना की सूचना दे दी थी. परिजन कोटा पहुंच गए हैं.

परिवार ने तीन-चार बार किया था फोन
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात अजीत से फोन पर बात हुई थी. उस दौरान उसने बताया था कि कोचिंग में टेस्ट है और वह उसकी तैयारी कर रहा है. रविवार को परिवार ने उसे तीन से चार बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद परिजनों ने पीजी से संपर्क किया, तब उन्हें घटना के बारे में पता चला. परिजनों ने कोचिंग जाकर बातचीत करने की बात भी कही है. फिलहाल छात्र की मौत के पीछे क्या कारण रहे, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है.

Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्‍यथित हों तो जीवन से हार मानने की कोई जरूरत नहीं. अच्‍छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्‍त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES