SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पढ़ाई के बाद अब खेलों का हब बनेगा कोटा! 130 करोड़ से संवरेगा JK पवेलियन, डे-नाइट मैचों के लिए लगेंगी हाई-टेक फ्लडलाइट्स

कोटा के JK पवेलियन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा. करीब 130.29 करोड़ रुपये की परियोजना में आधुनिक एक्वाटिक सेंटर भी बनेगा. निर्माण पूरा करने का लक्ष्य अगस्त 2028 है.

Written By Sandhya Yadav
Published: Nov 25, 2026, 10:28 IST | Updated: Nov 25, 2026, 10:37 IST
Image Credit: AI Image
Join

कोटा में खेल सुविधाओं के लिहाज से बड़ी परियोजना का आज आगाज होने जा रहा है. नयापुरा स्थित जेके पवेलियन क्रिकेट स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के रूप में विकसित करने के साथ यहां आधुनिक एक्वाटिक सेंटर भी बनाया जाएगा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे. कोटा विकास प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रम सुबह 10 बजे होगा. करीब 130 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत पुराने क्रिकेट मैदान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. वहीं, तैराकी के लिए ऑल-वेदर सेंटर विकसित होगा, जहां प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं.

10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला बनेगा क्रिकेट स्टेडियम
जेके पवेलियन को नए स्वरूप में विकसित करने के लिए मौजूदा मैदान और पिच का विस्तार किया जाएगा. वर्तमान स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 2 हजार है, जिसे बढ़ाकर लगभग 10 हजार किया जाएगा. मैदान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुरूप विकसित करने के लिए बाउंड्री का विस्तार, नई पिच और अलग प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएगी.

स्टेडियम में डे-नाइट मैचों के लिए फ्लडलाइट्स लगाई जाएंगी. टीवी और रेडियो प्रसारण के लिए आधुनिक ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम, टीवी प्रोडक्शन यूनिट, कैमरा सेटअप और लाइव फीड की सुविधाएं विकसित होंगी. दर्शकों के लिए बेहतर व्यू, आधुनिक बैठक व्यवस्था और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.

साउथ पवेलियन का नए सिरे से निर्माण होगा, जबकि नॉर्थ पवेलियन में कमेंटेटर बॉक्स और ग्राउंड उपकरण रखने की व्यवस्था विकसित की जाएगी. खिलाड़ियों के लिए जिम, एरोबिक्स सेंटर, लिफ्ट, टॉयलेट ब्लॉक और अन्य सुविधाएं भी परियोजना का हिस्सा हैं.

क्रिकेट के साथ तैराकी का भी बड़ा केंद्र बनेगा कोटा
क्रिकेट स्टेडियम परिसर में एक्वाटिक सेंटर भी विकसित किया जाएगा. प्रस्तावित सेंटर में 50×25 मीटर का कवर्ड ऑल-वेदर स्विमिंग पूल बनाया जाएगा. यह आकार ओलंपिक स्तर की पूल प्रतियोगिताओं के अनुरूप है, हालांकि किसी प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए संबंधित खेल संस्थाओं की मंजूरी और अन्य मानकों का पालन भी जरूरी होगा.

सेंटर में तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए दर्शक दीर्घा बनाई जाएगी, जिसमें करीब 300 से 400 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है. इसके अलावा प्रशिक्षण और बच्चों के लिए अलग पूल भी विकसित किए जाएंगे.

यह भी पढे़ं- कोटा ट्रैक पर 'तूफान' बनी वंदे भारत, 180 की रफ्तार देख उड़े होश, क्या अब कम होगा आपका सफर?

इस सेंटर के बनने से खिलाड़ियों को मौसम की परवाह किए बिना प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी और तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा.

134 करोड़ की परियोजना, 130.29 करोड़ में मिला निर्माण कार्य
कोटा विकास प्राधिकरण की इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 134.15 करोड़ रुपये है. टेंडर प्रक्रिया में बीसीसी डेवलपर्स एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड की करीब 130.29 करोड़ रुपये की बोली सबसे कम रही. परियोजना के निर्माण की निर्धारित अवधि 630 दिन यानी करीब 21 महीने है. हालिया रिपोर्टों में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य अगस्त 2028 बताया गया है.

इस परियोजना के तहत क्रिकेट स्टेडियम और स्विमिंग पूल दोनों का विकास किया जाएगा. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कोटा में बड़े क्रिकेट मुकाबलों और तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

कोटा के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई पहचान
जेके पवेलियन का पुनर्विकास कोटा के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव ला सकता है. अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय क्रिकेट और तैराकी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा. साथ ही बड़े खेल आयोजनों की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे शहर में खेल पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य कारोबारों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
 

Reporter- Chetan Gurjar

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संध्या यादव एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News की रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हाइपरलोकल खबरों, राजनीति, अपराध और जनहित से जुड़े मुद्दों की कवरेज उनकी खासियत है.उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके बाद मीडिया जगत में अपने करियर की शुरुआत की. Zee News से पहले वे Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर चुकी हैं. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने न्यूज प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.Mail : sandhya.yadav@zeemedia.comX Handle : https://x.com/JournosandhyaFacebook : https://www.facebook.com/sandhya.yadav.7906
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES