SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रास्ते में खींचा हाथ, जबरन कार में बैठाने की कोशिश: कोटा के बोरखेड़ा में कोचिंग छात्रा से दरिंदगी की कोशिश!

Kota News: कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में कोचिंग छात्रा ने एक युवक पर तीन-चार दिनों तक पीछा करने और रास्ते में हाथ पकड़कर जबरन कार में बैठाने की कोशिश का आरोप लगाया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है.

Written By Sandhya Yadav
Published: Sep 10, 2026, 08:08 AM IST | Updated: Sep 10, 2026, 08:58 AM IST
Image Credit: सीसीटीवी में देखिए क्या कुछ हुआ.
Join

Kota News: कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़ और उसका पीछा किए जाने का मामला सामने आया है. स्वराज अपना घर, मानपुरा इलाके में रहने वाली छात्रा ने आरोप लगाया है कि पिछले तीन-चार दिनों से एक युवक सफेद क्रेटा और काली थार गाड़ी से उसका पीछा कर रहा था. छात्रा के अनुसार, लगातार पीछा किए जाने से वह परेशान थी.

रास्ते में हाथ पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश
छात्रा की मां ने बताया कि घटना वाले दिन युवक ने रास्ते में उनकी बेटी का हाथ पकड़ लिया. आरोप है कि युवक ने छात्रा को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की. छात्रा ने किसी तरह अपना हाथ छुड़ाया और वहां से भागकर घर पहुंची. घर आने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.

घटना के बारे में पता चलने के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत बोरखेड़ा थाने में दर्ज कराई. परिजनों ने पुलिस को घटना से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराते हुए संदिग्ध वाहन के बारे में भी बताया.

कॉलोनी के लोगों ने कार को रोकने की कोशिश की
परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलोनी के कुछ लोगों ने संदिग्ध कार को घेरने की कोशिश की. आरोप के मुताबिक, इस दौरान कार चालक ने लोगों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और वहां से फरार हो गया. हालांकि, इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ पीछा
परिजनों के मुताबिक, छात्रा रोजाना एक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ने के लिए जाती है. छात्रा का पीछा किए जाने की घटनाएं रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं. परिजनों ने पुलिस को संदिग्ध कार का नंबर और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए हैं. इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
बोरखेड़ा थाना अधिकारी अजीत बागड़ोलिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है. शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस संदिग्ध वाहन और युवक से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES