दिवाली के बाद कोटा में घुटने लगा दम! आतिशबाजी के चलते जहरीली हुई आबोहवा, खतरे के निशान पर AQI
दीपावली पर आतिशबाजी के बाद कोटा की हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है. शहर और आसपास के इलाकों में AQI 239 के पार पहुंच गया. विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह और देर शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
Published: Nov 09, 2026, 06:24 PM IST
| Updated: Nov 09, 2026, 06:24 PM IST
कोटा दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब शहर की आबोहवा पर दिखाई देने लगा है. पटाखों से निकले धुएं के कारण वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है. शहर और आसपास के ज्यादातर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 239 के पार पहुंच गया. वहीं, बोरखेड़ा, बजरंग नगर, कोटड़ी चौराहा, एरोड्रम सर्किल, सीएडी सर्किल, महावीर नगर, तलवंडी और जवाहर नगर सहित कई इलाकों में AQI खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है.
50 करोड़ से ज्यादा की आतिशबाजी का अनुमान
दीपावली के मौके पर कोटा शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़े स्तर पर पटाखे चलाए गए. अनुमान है कि इस बार शहर में 50 करोड़ रुपये से अधिक की आतिशबाजी हुई. बड़ी मात्रा में पटाखे चलने से वातावरण में धुआं और प्रदूषक तत्व बढ़ गए. इसका असर अब हवा की गुणवत्ता पर दिखाई दे रहा है.
शहर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को खराब हवा का सामना करना पड़ रहा है. बोरखेड़ा से लेकर जवाहर नगर तक कई क्षेत्रों में AQI खतरनाक स्थिति तक पहुंचने की बात सामने आई है.