कोलायत के पूर्व विधायक का निधन: हाईकोर्ट बेंच से लेकर रेलवे बाईपास तक किया संघर्ष
बीकानेर में कोलायत के पूर्व विधायक और वरिष्ठ अधिवक्ता रामकृष्ण दास गुप्ता (RK दास गुप्ता) का निधन हो गया. वे वर्ष 1977 में विधायक चुने गए थे और जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष करते रहे. उन्होंने बीकानेर में रेलवे बाईपास और हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर अहम भूमिका निभाई.
राजस्थान के बीकानेर से आज एक दुखद खबर सामने आई है. कोलायत के पूर्व विधायक और वरिष्ठ अधिवक्ता रामकृष्ण दास गुप्ता (RK दास गुप्ता) का निधन हो गया है. उनका पूरा जीवन राजनीति, जनहित के आंदोलनों और न्याय की लड़ाई को समर्पित रहा. उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में आमजन के हितों के लिए आवाज उठाई और न्याय के लिए संघर्ष किया.
वर्ष 1977 में कोलायत से विधायक बने आरके दास गुप्ता ने रेलवे बाईपास की मांग से लेकर बीकानेर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना तक कई मुद्दों पर संघर्ष किया. बीमारी से जूझने के बावजूद वे आखिरी समय तक अदालतों में पैरवी करते रहे, उनके निधन से अधिवक्ता समुदाय और शहर के प्रबुद्धजनों में शोक की लहर है.
मंत्री सुमित गोदारा ने शोक व्यक्त किया
बीकानेर ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसने जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष किया. पूर्व विधायक और वरिष्ठ अधिवक्ता आरके दास गुप्ता के निधन की खबर से शहर में शोक का माहौल है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है. उनके सार्दुल कॉलोनी स्थित निवास पर शोक जताने वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. अंतिम यात्रा आज शाम साढ़े चार बजे निवास से परदेशियों की बगेची के लिए रवाना होगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
यह भी पढे़ं- प्रतापगढ़ में अफीम पट्टे और जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: महिला से अभद्रता और पति पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
1977 में कोलायत विधानसभा क्षेत्र से बने थे विधायक
RK दास गुप्ता वर्ष 1977 में कोलायत विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे. उन्होंने जनता पार्टी के साथ राजनीतिक सफर शुरू किया, लेकिन बाद में पार्टी छोड़ दी. राजनीति के साथ-साथ वे बीकानेर के स्थानीय मुद्दों पर भी मुखर रहे. शहर के बीच से गुजरने वाली रेल लाइन के स्थान पर बाईपास बनाने की मांग को लेकर उन्होंने लंबा संघर्ष किया. इस मांग के समर्थन में हुए आंदोलनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही.
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर किया संघर्ष
बीकानेर में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर भी वे अधिवक्ताओं के साथ खड़े रहे. बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के मुताबिक, आरके दास गुप्ता 8 बार बीकानेर बार के अध्यक्ष रहे और बार काउंसिल के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी निभाई. पुरोहित ने उन्हें अधिवक्ताओं का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होगी.
लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे आरके दास गुप्ता नियमित डायलिसिस के बावजूद न्यायालय में पैरवी के लिए पहुंचते रहे. उनके निधन से बीकानेर ने एक अनुभवी अधिवक्ता और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने वाला व्यक्तित्व खो दिया है.
Reporter- Raunak Vyas