खाटू श्याम का जन्मोत्सव: 1400 सुरक्षाकर्मी, 270 CCTV, देश-विदेश के फूलों से सजा दरबार, नो व्हीकल जोन, आतिशबाजी और VIP दर्शन पर रोक
खाटूश्यामजी में आज से बाबा श्याम का दो दिवसीय पाटोत्सव मेला आयोजित हो रहा है. 1400 सुरक्षाकर्मी, 270 CCTV कैमरे और 10 लाख पानी के पाउच की व्यवस्था की गई है. रींगस-खाटू मार्ग 44 घंटे नो व्हीकल जोन रहेगा.
विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी सीकर के लिए आज का दिन यादगार होने जा रहा है. खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के कार्तिक शुक्ल एकादशी और द्वादशी पर आज 20 नवंबर से आयोजित होने वाले दो दिवसीय पाटोत्सव मेला भक्तों के स्वागत के लिए तैयार है. लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर कमेटी, जिला प्रशासन और नगरपालिका ने सुरक्षा, यातायात, दर्शन, पेयजल, चिकित्सा और सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है. मेले में करीब 1400 सुरक्षाकर्मी और होमगार्ड तैनात रहेंगे. मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 270 सीसीटीवी कैमरों से हो रही है.
सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है. मेला क्षेत्र में करीब 1400 सुरक्षाकर्मी एवं होमगार्ड तैनात हैं. इसके साथ ही 270 सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर, प्रमुख रास्तों और मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है. मेले की तैयारियां फाल्गुनी मेले की तर्ज पर की गई हैं.
यह भी पढे़ं- हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम: 20 नवंबर को खाटूधाम में उत्सव, 56 भोग और 8 आरतियां, 24 घंटे होंगे दर्शन
रींगस से तय रास्ते से मंदिर तक पहुंचेंगे श्रद्धालु
महंत मोहनदास महाराज चौहान के अनुसार, रींगस रोड से आने वाले श्रद्धालु लामिया तिराहा, चारण मेला मैदान और लखदातार ग्राउंड होते हुए 75 फीट मार्ग से मुख्य मेला ग्राउंड पहुंच रहे हैं. भीड़ बढ़ने की स्थिति में चारण मेला मैदान में बनाई गई तीन कतारों के जरिए भक्तों को मंदिर की ओर भेजा जा रहा है. इसके बाद लखदातार ग्राउंड में तैयार छह ब्लॉकों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आगे बढ़ाया जा रहा है.
44 घंटे रींगस-खाटू मार्ग रहेगा नो व्हीकल जोन
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में पदयात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रींगस से खाटूश्यामजी जाने वाले मार्ग को 44 घंटे के लिए नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है. श्रद्धालु रींगस से लांपुवा और चौमू पुरोहितान होते हुए खाटूधाम तक पदयात्रा कर रहे हैं. पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बेरिकेडिंग की जा रही है.
वाहन चालकों के लिए ऑप्शनल रास्ता भी तय किया गया है. नेशनल हाईवे-52 से ठिकरिया और शाहपुरा होते हुए खाटूश्यामजी जाने वाला मार्ग खुला रहेगा. रींगस थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने श्रद्धालुओं और आमजन से यातायात निर्देशों का पालन करने, प्रतिबंधित मार्ग पर वाहन नहीं ले जाने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है.
पेयजल, एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की व्यवस्था
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 लाख पानी के पाउच उपलब्ध करवाए जाएंगे. आपात चिकित्सा सहायता के लिए तीन एंबुलेंस और पांच मेडिकल कैंप लगाए गए हैं. उपजिला अस्पताल में चार डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे उपलब्ध हैं. इसके अलावा पांच प्रमुख स्थानों पर चिकित्सा कैंप संचालित किए जा रहे हैं. आपात स्थिति से निपटने के लिए चार दमकल गाड़ियां भी तैनात हैं.
सफाई, शौचालय और यातायात में ये इंतजाम
मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभालने के लिए 350 कर्मचारी और आठ ट्रैक्टर लगाए गए हैं. एक बड़ी और चार छोटी क्रेन तैनात हैं. खोया-पाया संबंधी सूचनाएं देने के लिए तीन उद्घोषणा केंद्र बनाए गए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट सहित 20 से 25 स्थानों पर 24 घंटे शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में भी शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा.
नगरपालिका के ईओ सहदेवदान चारण ने बताया कि अस्थायी अतिक्रमण हटाने, रास्तों को व्यवस्थित रखने और सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है. मार्गों पर टीनशेड लगाए गए हैं. नगरपालिका को सेल्फी पॉइंट बनाने और मंदिर के निकास मार्ग पर बने निर्माणाधीन गड्ढे को भरवाने का काम भी किया गया है.
वीआईपी दर्शन पर रोक, आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित
आम श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए प्रोटोकॉल के अलावा वीआईपी दर्शन व्यवस्था बंद है. जिला कलेक्टर ने साफ किया है कि मेले के दौरान आतिशबाजी पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन कर आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जन्मोत्सव के दौरान आतिशबाजी करने के साथ-साथ आतिशबाजी सामग्री के खरीद-फरोख्त पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
बिजली सुरक्षा और मंदिर सजावट पर भी खास ध्यान
विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंदिर कमेटी, नगरपालिका और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से ऑडिट कर रहे हैं. निर्देश हैं कि किसी भी स्थान पर बिजली के तार झूलते हुए नहीं मिलने चाहिए.
बाबा श्याम का पाटोत्सव पर मंदिर परिसर को भव्य रूप देने के लिए सजावट का काम किया गया हैै. मंदिर कमेटी की ओर से मथुरा और वृंदावन से आए कारीगरों ने सजावट की है. परिसर में राधा-कृष्ण, श्रीकृष्ण, श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं की झांकियां तैयार हैं. देश-विदेश से मंगवाए गए विभिन्न प्रकार के कृत्रिम फूलों से श्याम दरबार का विशेष श्रृंगार हुआ है. वृंदावन और मथुरा की तर्ज पर बनी कलाकृतियां और फूलों की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं.
प्रशासन की अपील
पुलिस ने लोगों से तय मार्गों का उपयोग करने, नो व्हीकल जोन के नियमों का पालन करने और आतिशबाजी से दूर रहने की अपील की है. इनका उद्देश्य भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है. सभी से प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है.