जोधपुर के प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है. घटना जुडियो शोरूम के पास की है. महिला ने अपने पति और उसके साथ आए लोगों पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है. इस हमले में महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसे बचाने आया उसका बहनोई भी घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
पीहर जाते समय महिला पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, महिला बुधवार सुबह पीपाड़ से जोधपुर महिला थाने पहुंची थी. यहां पति-पत्नी के बीच काउंसलिंग करवाई गई और दोनों को 5 नवंबर तक का समय दिया गया था. इसके बाद महिला बलदेव नगर स्थित अपने पीहर चली गई.
आरोप है कि कुछ देर बाद उसका पति अपने साथ कुछ लोगों को लेकर स्कॉर्पियो से जुडियो शोरूम के पास पहुंचा. यहां महिला को बाहर बुलाया गया और उस पर हमला कर दिया गया. महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने लोहे की रॉड से पैर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गई.
गाड़ी चढ़ाने की कोशिश का भी आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान महिला को बचाने आया उसका बहनोई भी घायल हो गया. हमलावरों के भागने के दौरान आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो के कांच तोड़ दिए.
स्कॉर्पियो से खिलौना पिस्टल और धारदार हथियार मिले
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान गाड़ी से खिलौने जैसी पिस्टल और धारदार हथियार मिलने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
घायलों को अस्पताल भेजा
घायल महिला और उसके बहनोई को महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया. मामले में प्रतापनगर सदर थाने के हेड कांस्टेबल गणेशाराम और सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार ने तत्काल कार्रवाई की. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.