SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जोधपुर की केमिकल फैक्ट्री में भयंकर विस्फोट: ड्रम फटने से 13 दमकलकर्मी झुलसे, हालत नाजुक है

Jodhpur Chemical Factory Fire: जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार दोपहर आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. आग पर काबू पाने में जुटे दमकलकर्मियों के बीच अचानक केमिकल के एक ड्रम में जोरदार विस्फोट हो गया. इसके बाद भड़की आग की चपेट में आने से 13 दमकलकर्मी झुलस गए.

Written By Ansh Raj
Published: Sep 24, 2026, 06:09 AM IST | Updated: Sep 24, 2026, 06:49 AM IST
Image Credit: Jodhpur Chemical Factory Fire
Join

Chemical Factory Blust: जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक केमिकल फैक्ट्री में लगी आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और दमकलकर्मी कई घंटे से आग बुझाने में जुटे हुए थे. इसी दौरान केमिकल से भरे एक ड्रम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद आग एक बार फिर भड़क उठी और इसकी चपेट में मौके पर मौजूद दमकलकर्मी आ गए. 

हादसे में कुल 13 दमकलकर्मी झुलस गए. अचानक हुए विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों की मदद से झुलसे दमकलकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई. सभी घायलों को पहले एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद सभी 13 दमकलकर्मियों को महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया.

 

 

 

चार से पांच घंटे से आग बुझाने में जुटी थीं दमकलें
बताया गया कि बासनी क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के बाद आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया था. आग पर नियंत्रण के लिए 10 से अधिक दमकलों को मौके पर लगाया गया. दमकलकर्मी कई घंटे तक लगातार आग बुझाने की कोशिश करते रहे. आग लगभग नियंत्रण में आने के दौरान ही केमिकल के एक ड्रम में जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद आग अचानक भड़क गई और आग बुझा रहे दमकलकर्मी इसकी चपेट में आ गए. प्रशासन के अनुसार हादसे में 13 दमकलकर्मी झुलसे हैं. इनमें प्रवीण, दुर्गेश, प्रेम, प्रवीण कुमार, कुणाल, विनय पुरोहित, आसिफ खान, जोगाराम, प्रीतम, सुरेंद्र, प्रकाश, मो. हनीफ और अविनाश हर्ष के नाम सामने आए हैं.

 

 

3 दमकलकर्मियों की हालत गंभीर

हादसे के बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया. जिला प्रशासन के अनुसार घायलों में से 2-3 दमकलकर्मियों की हालत गंभीर बताई गई है. अस्पताल प्रशासन ने भी घायलों के उपचार के लिए व्यवस्थाएं शुरू कर दीं. जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया, नगर निगम आयुक्त और एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिए. घायलों को एम्स से महात्मा गांधी अस्पताल तक जल्द पहुंचाने के लिए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया. प्रशासन ने घटना की जानकारी लेते हुए फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है. हादसे के कारणों और फैक्ट्री में मौजूद केमिकल से जुड़े सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जांच की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES