)
जोधपुर एयरबेस पर चल रहे बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास तरंगशक्ति-2026 के बीच भारतीय वायुसेना दिवस पर खास एयर शो आयोजित किया जाएगा. 8 अक्टूबर को होने वाले इस एरोबेटिक डिस्प्ले में वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने शानदार हवाई करतब दिखाएगी. एयर शो की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी.
9 हॉक विमान एक साथ दिखाएंगे करतब
सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के 9 हॉक एमके-132 विमान एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे. इन विमानों के एक-दो दिन में जोधपुर पहुंचने की संभावना है. टीम कुल 10 हॉक विमान लेकर आएगी, जिसमें एक विमान अतिरिक्त रहेगा. एयर शो के दौरान 9 विमान हवा में अलग-अलग फॉर्मेशन और करतब दिखाएंगे.
करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ते हुए सूर्यकिरण के विमान वर्टिकल क्लाइंब, क्रॉसओवर और बैरल रोल जैसे एरोबेटिक मैनुवर करेंगे. इन करतबों के दौरान विमानों की सटीक टाइमिंग और आपसी तालमेल देखने लायक होगा.
आसमान में बनेगा तिरंगा और दिल का आकार
एयर शो के दौरान सूर्यकिरण टीम आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग से तिरंगा फॉर्मेशन बनाएगी. इसके साथ ही दिल का आकार भी बनाया जाएगा. सोलो और पेयर्स फ्लाइंग भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगी.
सूर्यकिरण के अलावा सुखोई-30 एमकेआई और तेजस के भी एरोबेटिक मैनुवर दिखाने की संभावना है. सुखोई-30 एमकेआई का कोबरा मैनुवर और चार्ली फॉर्मेशन खास आकर्षण हो सकता है. इसके अलावा जगुआर, मिराज-2000 और सी-130 भी डिस्प्ले में शामिल हो सकते हैं.
7 अक्टूबर को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल
मुख्य एयर शो से एक दिन पहले 7 अक्टूबर को जोधपुर एयरबेस पर फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी. इससे एयर शो में शामिल होने वाले विमानों और टीमों को अंतिम अभ्यास का मौका मिलेगा.
इससे पहले सितम्बर 2024 में भी सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम जोधपुर पहुंची थी. अब एक बार फिर टीम के प्रदर्शन को लेकर शहर में उत्सुकता है.
सूर्यकिरण टीम ने पूरे किए 30 साल
सूर्यकिरण स्क्वाड्रन ने इस साल अपनी स्थापना के 30 वर्ष पूरे कर लिए हैं. मई 1996 में गठित यह टीम कर्नाटक के बीदर एयरबेस पर तैनात है. टीम अब तक देश और विदेश में 800 से अधिक एयर शो कर चुकी है.
इस साल सूर्यकिरण का पहला एरोबेटिक डिस्प्ले 19-20 सितंबर को मेरठ में हुआ था. अब जोधपुर में होने वाला प्रदर्शन टीम के लिए एक और खास मौका होगा.
तरंगशक्ति-2026 का भी हिस्सा होगा एयर शो
जोधपुर में होने वाला यह एयर शो बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास तरंगशक्ति-2026 का भी हिस्सा होगा. यह युद्धाभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चल रहा है. एयर शो में सिविल अधिकारी और स्कूली बच्चों के भी शामिल होने की संभावना है.
शहर के रातानाडा, कुड़ी भगतासनी, बासनी और एयरफोर्स क्षेत्र में रहने वाले लोग अपने घरों की छतों से भी इस शानदार एयर शो का आनंद ले सकेंगे. 8 अक्टूबर की सुबह जोधपुर के आसमान में सूर्यकिरण के विमानों की कलाबाजियां देखने को मिलेंगी.