SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झुंझुनूं में आसमान से आफत: बारिश और तेज अंधड़ ने मचाई तबाही, तीसरी मंजिल का सोलर सिस्टम पड़ोसी की छत पर गिरा

Jhunjhunu News: झुंझुनूं के सुलताना में बारिश के साथ आए तेज अंधड़ ने कई इलाकों में नुकसान किया. वार्ड 17 में तीसरी मंजिल का सोलर सिस्टम पड़ोसी की छत पर गिरने से पट्टी टूट गई. कई पेड़ गिरे और बिजली आपूर्ति बाधित हुई. 19-20 सितंबर को कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं.

Written By Sandhya Yadav
Published: Sep 19, 2026, 11:26 AM IST | Updated: Sep 19, 2026, 11:34 AM IST
Image Credit: सुलताना में बारिश के साथ आए तेज अंधड़ से भारी नुकसान.
Join

Jhunjhunu News: झुंझुनूं जिले के सुलताना कस्बे में देर रात बारिश के साथ आए तेज अंधड़ ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया. वार्ड नंबर 17 में अंधड़ के दौरान एक मकान की तीसरी मंजिल पर लगा भारी-भरकम सोलर सिस्टम उखड़कर पड़ोसी के मकान की छत पर जा गिरा. सोलर सिस्टम के गिरने से कमरे की छत की पट्टी टूट गई. गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था.

कमरे से कुछ देर पहले ही निकला था युवक
बताया जा रहा है कि जिस कमरे की छत की पट्टी सोलर सिस्टम गिरने से टूटी, हादसे से कुछ देर पहले ही एक युवक वहां से निकलकर दूसरे कमरे में गया था. ऐसे में यदि हादसे के समय कोई व्यक्ति कमरे या आंगन में मौजूद होता तो जनहानि की आशंका थी. घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है.

धोलिया चौक और भवानी पार्क में पेड़ गिरे
तेज अंधड़ का असर सुलताना के कई इलाकों में देखने को मिला. धोलिया चौक और भवानी पार्क क्षेत्र में कई पेड़ धराशायी हो गए. तेज हवाओं के कारण रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में भी परेशानी बढ़ गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधड़ के चलते कई जगह नुकसान हुआ है और प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की जरूरत है.

रात से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित
अंधड़ का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है. सुलताना के कई इलाकों में रात से बिजली आपूर्ति बाधित बताई जा रही है. तेज हवा के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोग प्रभावित इलाकों में बिजली व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को जल्द ठीक कराने की मांग कर रहे हैं.

19 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार
इस बीच राजस्थान में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं.

मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार 19 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रह सकता है. दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में बादल छाने और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

इन संभागों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर को भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर और अजमेर संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.

20 सितंबर को भी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. इस दिन कोटा, उदयपुर और अजमेर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.

21 सितंबर से अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार 21 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि कोटा और उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. इस बीच सुलताना में अंधड़ से हुए नुकसान के बाद स्थानीय लोग प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES