SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा RAC जवान: बेटों ने दी मुखाग्नि, अंतिम विदाई रो पड़ा पूरा गांव

झुंझुनूं के चिरानी गांव निवासी RAC जवान शीशराम गुर्जर की सड़क हादसे में मौत हो गई. पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. युवाओं ने राजोता से चिरानी तक तिरंगा यात्रा निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. RAC पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी. अंतिम संस्कार के दौरान बेटों संदीप और प्रवीण ने पिता को मुखाग्नि दी.

Written By Sandeep Kedia
Published: Nov 22, 2026, 13:19 IST | Updated: Nov 22, 2026, 13:26 IST
Image Credit: डंपर की टक्कर ने छीनी RAC जवान की जिंदगी
Join

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले झुंझुनूं के खेतड़ी क्षेत्र के चिरानी गांव निवासी RAC जवान शीशराम गुर्जर का पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. अपने गांव के जवान को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा पहुंचे. इस दौरान पूरे गांव में शोक का माहौल रहा.

जवान को सम्मान देने के लिए युवाओं ने राजोता से उनके पैतृक गांव चिरानी तक तिरंगा यात्रा निकाली. यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण शामिल हुए. सभी के हाथों में तिरंगा था. युवाओं ने भारत माता के जयकारे लगाए और जवान को श्रद्धांजलि दी. जैसे ही शीशराम गुर्जर का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिवार और ग्रामीण भावुक हो गए. अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुट गई. हर कोई अपने गांव के जवान को आखिरी बार देखना चाहता था.

ओवरलोड डंपर की टक्कर से हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, शीशराम गुर्जर दिल्ली में राजस्थान पुलिस की 12वीं बटालियन में RAC जवान के पद पर तैनात थे. खेतड़ी-सिंघाना सड़क मार्ग पर खभरगड़ा की ढाणी के पास उनकी बाइक की ओवरलोड डंपर से टक्कर हो गई थी. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई. जवान की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई.

यह भी पढ़ेंः 'सजा से बेटा वापस नहीं आएगा, पर न्याय मिलना जरूरी': मयंक हत्याकांड में टीकाराम जूली की डिमांड

पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम सलामी
चिरानी गांव में जवान का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान RAC पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी. पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी.

अंतिम संस्कार का सबसे भावुक पल तब आया, जब जवान के बेट संदीप और प्रवीण ने अपने पिता को मुखाग्नि दी. यह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव के लोगों ने परिवार को सांत्वना दी और हर मुश्किल में साथ देने का भरोसा दिलाया.

इस दौरान सीआई राकेश यादव, आदित्य धर्मपाल गुर्जर, सरपंच प्रतिनिधि रामनिवास लादी सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने शीशराम गुर्जर को श्रद्धांजलि दी. तिरंगे में लिपटे जवान को अंतिम विदाई देते समय पूरा गांव गमगीन नजर आया. एक सड़क हादसे में परिवार ने अपना सदस्य और गांव ने अपना एक जवान खो दिया. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES