SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झुंझुनूं में खूनी खेल की कोशिश! पूर्व सरपंच को गाड़ी से कुचलने का प्रयास, 'ट्रिपल ए बाबा ग्रुप' पर आरोप

झुंझुनूं के जोड़िया गांव में पूर्व सरपंच उम्मेद धनखड़ पर गाड़ी से टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश का आरोप लगा है. घटना के बाद ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए.

Written By Sandeep Kedia Edited By Sandhya Yadav
Published: Nov 17, 2026, 09:46 IST | Updated: Nov 17, 2026, 09:49 IST
Image Credit: सामान खरीद रहे पूर्व सरपंच की गाड़ी को बार-बार मारी टक्कर.
Join

झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र के जोड़िया गांव में रात को पूर्व सरपंच एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य उम्मेद धनखड़ पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि ट्रिपल ए बाबा ग्रुप से जुड़े लोगों ने उनकी गाड़ी को कई बार टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया. इस दौरान उनकी जेब से नकदी छीनने का आरोप भी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर धरना शुरू कर दिया.

दुकान पर सामान खरीदते समय हुआ हमला
उम्मेद धनखड़ ने बताया कि उनके परिवार में सवामणी का कार्यक्रम है. इसी सिलसिले में वे एक दुकान पर सामान खरीदने रुके थे. तभी ट्रिपल ए बाबा ग्रुप से जुड़े कुछ लोग गाड़ी लेकर पहुंचे और उनकी गाड़ी को बार-बार टक्कर मारने लगे. धनखड़ ने गाड़ी की ओट लेकर जान बचाई. आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए. धनखड़ ने फोन पर पुलिस अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन उनका आरोप है कि करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

ग्रुप पर दहशत और वसूली के आरोप
धनखड़ ने आरोप लगाया कि कथित ट्रिपल ए बाबा ग्रुप के लोगों ने क्षेत्र में दहशत फैला रखी है. उनका कहना है कि तीन दिन पहले भी इसी ग्रुप के लोगों पर एक व्यक्ति के हाथ-पैर तोड़ने का आरोप लगा था. उन्होंने इलाके में अवैध शराब के कारोबार और लोगों से मंथली वसूली के आरोप भी लगाए.

यह भी पढे़ं- हार बर्दाश्त नहीं हुई तो फूंक दी मजिस्ट्रेट की गाड़ी: बांसवाड़ा में सरपंच चुनावी नतीजों के बाद बवाल, पथराव और आगजनी से दहला इलाका

धनखड़ के मुताबिक, ग्रुप के लोग खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही. उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में भय का माहौल है.

गिरफ्तारी की मांग पर धरने पर बैठे ग्रामीण
आक्रोशित ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. उनका कहना है कि गिरफ्तारी होने तक धरना जारी रहेगा. सूचना मिलने पर चिड़ावा थानाधिकारी लक्ष्मीचंद पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण मांग पर अड़े रहे. देर रात तक गांव में धरना जारी था.

हॉस्पिटल में तोड़फोड़ के पुराने मामले का जिक्र
उम्मेद धनखड़ ने बताया कि उनके हॉस्पिटल में भी पहले तोड़फोड़ हो चुकी है. इस संबंध में पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज है. उनका आरोप है कि जांच कई बार बदली गई, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई. धनखड़ ने पुलिस प्रशासन से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES