पति-पत्नी के झगड़े में बह गया दूसरे युवकों का खून: अच्छाई के बदले मिला चाकू का घाव
झालावाड़ के अकतासा गांव में पति-पत्नी के झगड़े को शांत कराने पहुंचे दो युवकों पर गुस्साए पति ने चाकू से हमला कर दिया. दोनों गंभीर घायल हैं और जिला अस्पताल में भर्ती हैं. असनावर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
झालावाड़ जिले के असनावर थाना क्षेत्र के अकतासा गांव में देर रात पति-पत्नी के झगड़े को शांत कराने की कोशिश करना दो युवकों को भारी पड़ गया. गुस्साए पति ने दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस जानलेवा हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को ग्रामीणों की मदद से झालावाड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
दंपती को समझाने और झगड़ा शांत कराने की कोशिश
ग्रामीणों के अनुसार, अकतासा गांव में देर शाम एक दंपती के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था. विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी घर से बाहर आ गए. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने बीच-बचाव करते हुए दंपती को समझाने और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की. लेकिन उनकी यह कोशिश विवाद को रोकने के बजाय उनके लिए मुसीबत बन गई.
यह भी पढ़ें- बांसवाड़ा में चश्मे के पीछे चल गई चाकू: तीन युवक गंभीर रूप से घायल, मचा हड़कंप
बीच-बचाव करना पड़ा भारी
बताया जा रहा है कि युवकों के समझाने से पति आक्रोशित हो गया और उसने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में दोनों युवकों को चाकू के गंभीर वार लगे और वे घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल झालावाड़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का गंभीर हालत में उपचार किया जा रहा है. इधर, घटना के बाद असनावर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच जारी है.
पढ़ें झालावाड़ की एक और क्राइम खबर
झालावाड़ जिले के सीमावर्ती भैसोदामंडी चौकी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में कार्यवाही करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 2 पिस्टल, 700 जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. जब्त सामान की कुल कीमत 4 लाख 26 हजार रुपए बताई गई है.
मुखबिर की सूचना पर भैसोदामंडी चौकी प्रभारी धर्माश मादम की टीम ने मालीपुरा तिराहे पर छापा मारा. पुलिस ने मौके से आदिल मिर्जा, रिहान, इरफान और फरमान अली को पकड़ा. आदिल मिर्जा भवानीमंडी की जवाहर कॉलोनी का रहने वाला है. आरोपियों ने कारतूसों को सरसों के तेल की दो प्लास्टिक की पीपयो में काली थैली में बांधकर छिपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो.
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि ये अवैध हथियार और कारतूस कहां से लाए गए थे और इनकी सप्लाई किसे की जानी थी. मामले में आरोपियों के बैंक लेन-देन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच हो रही है.
Reporter- Mahesh Parihar