ग्राउंड फ्लोर पर मां, छत के कमरे में बेटा... जैसलमेर में दो अलग-अलग कमरों में मिले मां-बेटे के शव, हड़कंप
जैसलमेर की सांवल कॉलोनी में 38 वर्षीय सोनू कंवर और उनके 16 साल के बेटे दक्षवर्धन के शव घर में मिले. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दोनों की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद सामने आएगी.
राजस्थान के जैसलमेर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. शहर की सांवल कॉलोनी में एक महिला और उसके नाबालिग बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान 38 वर्षीय सोनू कंवर और उनके 16 वर्षीय बेटे दक्षवर्धन सिंह के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या से जुड़ा मामला मानकर पड़ताल कर रही है. हालांकि, दोनों की मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है.
घर के अलग-अलग कमरों में मिले मां-बेटे के शव
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोनू कंवर का शव मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कमरे में मिला, जबकि उनके बेटे दक्षवर्धन का शव मकान की छत पर बने कमरे में पाया गया. पुलिस की शुरुआती आशंका है कि पहले महिला की मौत हुई और बाद में बेटे ने भी आत्मघाती कदम उठाया. हालांकि, घटना किस क्रम में हुई और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमाराम और सीओ रूपसिंह इंदा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा जांच के लिए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए.
यह भी पढ़ें- प्रेम-प्रसंग में चचेरा भाई बना हत्यारा: चलती ट्रेन से भाई को दिया धक्का, फिर पत्थर व रॉड से मारकर की हत्या
पुलिस ने घर और आसपास की परिस्थितियों का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती कार्रवाई में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.
तीन साल पहले सड़क हादसे में हुई थी पति की मौत
जानकारी के अनुसार, सोनू कंवर के पति भंवर सिंह की करीब तीन साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. इसके बाद से मां और बेटा जैसलमेर में अकेले रह रहे थे. दोनों मूल रूप से नागौर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. परिवार से जुड़ी इस जानकारी के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, लेकिन फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलेगी आगे की जानकारी
पुलिस ने मां और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह साफ हो सकेगी.