SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

डेटिंग ऐप पर बनी हसीना दोस्त, फिर जैसलमेर बुलाकर बिजनेसमैन का अपहरण ! 1.5 लाख की लूट

जैसलमेर में डेटिंग एप के जरिए दोस्ती कर किराना कारोबारी के अपहरण और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बदमाशों ने पहले डेटिंग एप पर कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया बात की और मिलने के बहाने उन्हें अपनी बातों में उलझाकर गाड़ी में बैठा लिया. इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक गाड़ी में घुमाकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर करीब डेढ़ लाख रुपए ऑनलाइन अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए.

Reported By Shankar Dan
Published: Nov 10, 2026, 09:49 AM IST | Updated: Nov 10, 2026, 10:02 AM IST
Image Credit: पुलिस की गिरफ्त में जैसलमेर में कारोबारी से लूट करने वाले
Join

7 लोगों ने मिलकर रची थी अपहरण और लूट की साजिश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए कुल 7 लोग जैसलमेर आए थे. इनमें 5 आरोपी उत्तरप्रदेश के नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. चार बदमाशों ने कारोबारी को अगवा कर वारदात को अंजाम दिया, जबकि महिला सहित तीन अन्य लोग सोनार किले में घूम रहे थे. पुलिस ने सभी को अलग-अलग जगह से पकड़ लिया. एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है.

बीकानेर से किराए पर ली थी क्रेटा गाड़ी
आरोपियों ने वारदात के लिए बीकानेर से क्रेटा गाड़ी किराए पर ली थी. योजना के तहत कुछ बदमाश पहले ही गाड़ी से उतर गए. इसके बाद एक आरोपी कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया से मिलने पहुंचा और बातचीत में उलझाकर उन्हें गाड़ी में बैठा लिया. करीब 500 मीटर आगे जाने पर अन्य बदमाश भी गाड़ी में सवार हो गए और कारोबारी को दबोच लिया.

नंबर प्लेट को टी-शर्ट से ढका, सिम तोड़कर किया संपर्क बंद
पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने गाड़ी की नंबर प्लेट को टी-शर्ट से ढक रखा था. हालांकि, कारोबारी ने गाड़ी में बैठने से पहले ही उसका नंबर देख लिया था. बदमाशों ने कारोबारी के मोबाइल की सिम निकालकर तोड़ दी और दूसरे मोबाइल की ई-सिम भी बंद कर दी, ताकि वे किसी से संपर्क कर मदद नहीं मांग सकें.

डेढ़ घंटे तक मारपीट कर करवाया ऑनलाइन ट्रांसफर
बदमाश कारोबारी को भाटिया मुक्तिधाम के पास से गाड़ी में बैठाकर रामगढ़ बायपास की तरफ ले गए. वहां करीब डेढ़ घंटे तक मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और करीब डेढ़ लाख रुपए अपने बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए. इसके बाद तनोट रोड की तरफ ले गए, लेकिन लाणेला टोल नाके पर पकड़े जाने के डर से वापस लौटे और ब्रह्मसर तिराहे पर कारोबारी को छोड़कर फरार हो गए.

कारोबारी की सूझबूझ से पुलिस तक पहुंची गाड़ी
बदमाशों के फरार होने के बाद दुलेन्द्र ने वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति से मोबाइल लेकर अपने परिचित को फोन किया और पूरी घटना बताई. इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और गाड़ी का नंबर वायरलेस के जरिए सभी पुलिसकर्मियों तक पहुंचाया.

एएसपी की बोलेरो को मारी टक्कर, संकरी गली में फंसी क्रेटा
इसी दौरान बदमाशों की काले रंग की क्रेटा शहर की तरफ आ रही थी. तेज रफ्तार में गाड़ी एएसपी सुरेश सांखला की बोलेरो से टकरा गई. इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया. बदमाश गलती से गाड़ी शहर की संकरी गली में ले गए, जहां क्रेटा फंस गई. आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है. उनसे वारदात की योजना, आपसी संबंधों और अन्य संपर्कों को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शंकर दान, पिछले 12 से अधिक वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो वर्तमान में ज़ी मीडिया (Zee Media) के लिए राजस्थान के सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण सीमावर्ती जिले जैसलमेर से ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे हैं. उनके कार्यक्षेत्र में राजस्थान की राजनीतिक हलचलों और विधानसभा - लोकसभा चुनावों की कवरेज से लेकर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े सुरक्षा व सामरिक मुद्दे, जैसलमेर की समृद्ध सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पर्यटन विरासत, और मरुस्थलीय पारिस्थितिकी व गोडावण (Great Indian Bustard) संरक्षण जैसे वन्यजीव विषय प्रमुखता से शामिल हैं. इसके साथ ही वे स्थानीय जनसरोकार की समस्याओं और क्षेत्रीय घटनाओं को राष्ट्रीय पटल पर पूरी विश्वसनीयता के साथ उठाने के लिए पहचाने जाते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES