App

Open हुआ विक्रम की मौत का Shut Down केस: पहले सुसाइड और अब मर्डर! पत्नी और ससुर पर हत्या की FIR दर्ज

Vikram Nayak Death Case: जयपुर में विक्रम नायक की चार महीने पहले हुई संदिग्ध मौत के मामले में अब हत्या का केस दर्ज हुआ है. मृतक के पिता ईश्वर लाल नायक ने पत्नी सुनीता नायक और उसके पिता लहरी सिंह नायक पर विक्रम को जहर देकर हत्या करने और आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाने की कोशिश का आरोप लगाया है.

Open हुआ विक्रम की मौत का Shut Down केस: पहले सुसाइड और अब मर्डर!  पत्नी और ससुर पर हत्या की FIR दर्ज
Image Credit: Vikram Nayak Death Case

Jaipur Murder Case: जयपुर में चार महीने पहले हुई विक्रम नायक की संदिग्ध मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है. जिस मौत को पहले आत्महत्या बताया गया था, उसमें मृतक के पिता ईश्वर लाल नायक ने अपनी बहू सुनीता नायक और उसके पिता लहरी सिंह नायक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. आदर्श नगर थाने में दी गई रिपोर्ट में पिता ने आरोप लगाया है कि विक्रम को पहले जहर दिया गया और इसके बाद हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाने की कोशिश की गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

मौत से एक दिन पहले बहन को किया था फोन

ईश्वर लाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 19 जून की शाम करीब 7 बजे विक्रम ने अपनी बहन ललिता को फोन किया था. विक्रम ने बहन से कहा था कि उसकी पत्नी सुनीता उसके साथ लड़ाई-झगड़ा कर रही है और उसे छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ रहने की धमकी दे रही है. इसके अगले दिन 20 जून को विक्रम के ससुर लहरी सिंह नायक ने ललिता को फोन कर बताया कि विक्रम ने जहर खा लिया है और परिवार के लोगों को मौके पर बुलाया. सूचना मिलने के बाद ईश्वर लाल अपने दोनों बेटों मोहित और विष्णु समेत परिवार के अन्य लोगों के साथ तिलक नगर अपार्टमेंट स्थित विक्रम के मकान पर पहुंचे. यहां विक्रम कमरे के फर्श पर पड़ा मिला.

गले पर निशान और चेहरे पर चोट का आरोप

परिजनों के मुताबिक विक्रम के गले पर फांसी के फंदे जैसा नीला निशान था. चेहरे पर चोट के निशान थे और मुंह से खून भी निकल रहा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम के साथ FSL टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. मृतक के पिता का दावा है कि पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों ने भी मौत के तरीके को लेकर संदेह जताया था. पिता के अनुसार डॉक्टरों ने मौखिक रूप से गला दबाने से मौत की आशंका और पेट में जहर की मौजूदगी की बात कही थी. हालांकि मौत का वास्तविक कारण और घटनाक्रम पोस्टमॉर्टम तथा फोरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है.

2012 में हुई थी विक्रम और सुनीता की शादी

परिजनों के मुताबिक विक्रम और सुनीता की शादी साल 2012 में हुई थी. शादी के बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था. पिता का आरोप है कि सुनीता और उसके पीहर पक्ष के लोग विक्रम को परेशान करते थे और उसे परिवार के साथ नहीं रहने देते थे. विक्रम ऑटो चलाता था. कुछ समय से वह पत्नी के साथ अलग-अलग जगहों पर किराए के मकानों में रह रहा था. पिता का आरोप है कि सुनीता जहां नौकरी करती थी, वहीं उसने विक्रम को भी बुलाया था. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और बाद में विक्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

दो बच्चे दादा-दादी के पास

विक्रम और सुनीता के दो बच्चे हैं. इनमें 13 साल का बेटा और 12 साल की बेटी है. मृतक के पिता के मुताबिक दोनों बच्चे बचपन से ही उनके पास रह रहे हैं. ईश्वर लाल ने आरोप लगाया कि सुनीता बच्चों की देखभाल भी ठीक से नहीं करती थी और घर आने पर उनके साथ मारपीट करती थी. पिता के मुताबिक विक्रम पत्नी और बच्चों का खर्च उठाने के साथ अपने माता-पिता की भी आर्थिक मदद करता था.

मां ने मांगा बेटे के लिए इंसाफ

विक्रम की मां मंजू देवी ने कहा कि उनके बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पिता ने बच्चों की परवरिश का खर्च उठाने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है.

पुलिस बोली- जल्द होगा खुलासा

आदर्श नगर थानाधिकारी छगन लाल डांगी ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है. पुलिस ने विक्रम की पत्नी सुनीता नायक और उसके पिता लहरी सिंह नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. पुलिस FSL जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि विक्रम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में पत्नी तथा उसके पिता की क्या भूमिका रही, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More