धनतेरस से पहले फिर सोना-चांदी हुआ महंगा: जानें जयपुर सराफा बाजार के ताजा भाव
धनतेरस और दिवाली से पहले जयपुर के सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है. चांदी 6,700 रुपये बढ़कर 1,93,300 रुपये प्रति किलो और सोना 3,500 रुपये महंगा होकर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है. इस बार बाजार में चांदी के कछुए और मछली की मांग भी बढ़ रही है.
जयपुर के सराफा बाजार में चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी उछाल देखने को मिली है. चांदी के भाव में 6700 रुपये प्रति किलो की तेजी आई है. जयपुर सराफा ट्रेडर्स की ओर से जारी भाव के अनुसार, चांदी 1,93,300 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. वहीं, सोने की कीमतों में भी जोरदार तेजी आई है. सोना 3500 रुपये महंगा होकर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है.
धनतेरस पर चांदी के कछुए और मछली की बढ़ी डिमांड
धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए सराफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है. खास बात यह है कि इस बार चांदी के पारंपरिक आभूषणों के साथ धार्मिक महत्व रखने वाली वस्तुओं की मांग भी बढ़ रही है. इनमें चांदी का कछुआ और मछली लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः दिवाली-छठ पर जयपुर रेलवे स्टेशन पर खास इंतजाम: यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए लागू होगा क्राउड मैनेजमेंट प्लान
मां लक्ष्मी से जुड़ी मान्यता के चलते कछुए की बढ़ी मांग
मान्यता है कि कछुआ मां लक्ष्मी को प्रिय है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी और कछुए दोनों की उत्पत्ति जल से हुई है. यही वजह है कि धनतेरस पर चांदी का कछुआ खरीदना शुभ माना जाता है. वहीं, चांदी की मछली को धन, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है.
ज्वेलर्स के पास एडवांस बुकिंग, गिफ्ट के लिए भी पसंद कर रहे ग्राहक
जयपुर के जौहरियों के पास इन दोनों उत्पादों की बुकिंग में तेजी देखने को मिल रही है. चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहक पहले से ही पसंदीदा डिजाइन की बुकिंग करवा रहे हैं. त्योहार पर उपहार देने के लिए भी चांदी के कछुए और मछली को पसंद किया जा रहा है. धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के बीच इस बार जयपुर के सराफा बाजार में चांदी के कछुए और मछली की चमक खास बनी हुई है. बाजार में अब कारोबारियों को त्योहार के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर इकबाल सक्का का खास तोहफा: सोने-चांदी की कलाकृति से दिया भाईचारे का संदेश
सोने-चांदी में निवेश का अच्छा मौका, आगे बढ़ सकते हैं भाव
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नवीन सोनी ने बताया कि बाजार में फिलहाल मंदी का माहौल है, लेकिन इसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है. सोने के भाव करीब 1 लाख 40 हजार रुपये के आसपास पहुंच गए हैं, वहीं चांदी के भाव भी 1 लाख 90 हजार रुपये के स्तर पर आ गए हैं. उन्होंने कहा कि कीमतों में आई गिरावट के चलते यह सोने-चांदी की खरीदारी और निवेश के लिए अच्छा अवसर हो सकता है. दीपावली और उसके आसपास ग्राहक खरीदारी कर सकते हैं. आने वाले समय में कीमतों में फिर बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए मौजूदा भाव पर खरीदारी करना ग्राहकों के लिए फायदेमंद हो सकता है.