SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में 6.37 करोड़ रुपये से बनेगी नई चौपाटी, फूड ट्रक से लेकर ओपन थिएटर तक की मिलेंगी सुविधाएं

जयपुर के रामनिवास बाग में JDA करीब 6.37 करोड़ रुपये की लागत से नई चौपाटी विकसित कर रहा है. यहां 15 फूड ट्रक, ओपन गार्डन, बच्चों के लिए प्ले एरिया, वॉकिंग ट्रैक और ओपन थिएटर जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं. इसका उद्देश्य शहरवासियों और पर्यटकों को मनोरंजन, खान-पान और घूमने-फिरने के लिए एक नया ठिकाना उपलब्ध कराना है. हालांकि, चौपाटी के शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 30, 2026, 05:47 PM IST | Updated: Sep 30, 2026, 05:53 PM IST
Image Credit: Jaipur ramniwas bagh
Join

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के रामनिवास बाग में जल्द ही लोगों को घूमने-फिरने, खान-पान और मनोरंजन के लिए एक नया ठिकाना मिलने वाला है. जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ चौपाटी बनाई जा रही है.

इस परियोजना पर करीब 6 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे. चौपाटी में फूड ट्रक, ओपन गार्डन, बच्चों के लिए प्ले एरिया और ओपन थिएटर जैसी सुविधाएं दी जाएंगी. इसका उद्देश्य शहरवासियों और पर्यटकों को हरियाली के बीच परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है.

15 फूड ट्रक में मिलेंगे अलग-अलग व्यंजन 
जेडीए के अनुसार, रामनिवास बाग में बनाई जा रही चौपाटी को खासतौर पर युवाओं और परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. यहां दोनों ओर कुल 15 फूड ट्रक लगाने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे लोगों को एक ही जगह पर अलग-अलग तरह के खान-पान मिल जाएं.

चौपाटी में खाने-पीने के साथ बैठने और आराम करने के लिए भी जगह बनाई जाएगी. यहां आने वाले लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता सकेंगे.  परियोजना के पूरा होने के बाद यह स्थान शहर में मनोरंजन और खान-पान के नए केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा.

बच्चों के लिए प्ले एरिया, घूमने के लिए बनेगा ट्रैक
चौपाटी में पैदल घूमने के लिए ट्रैक बनाया जाएगा. साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग से प्ले एरिया बनाने का प्लान है. यहां ओपन एम्फीथिएटर यानी खुले थिएटर की सुविधा भी प्रस्तावित है.

परियोजना में एंट्री प्लाजा, सिटिंग एरिया और पाथवे के साथ टॉयलेट और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं. परिसर के बाहर सर्विस पाथवे बनाने का भी प्रावधान है. इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य लोगों को एक ही परिसर में घूमने, बैठने, बच्चों के साथ समय बिताने और खान-पान की सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

चौपाटी में किस सुविधा के लिए कितनी जगह?
जेडीए की योजना के अनुसार, चौपाटी में अलग-अलग सुविधाओं के लिए निर्धारित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे. 
पाथवे- करीब 1804 वर्गमीटर
ओपन गार्डन- करीब 1200 वर्गमीटर
चिल्ड्रन प्ले एरिया- करीब 600 वर्गमीटर
ओपन एम्फीथिएटर-करीब 200 वर्गमीटर
एंट्री प्लाजा और सिटिंग एरिया- करीब 662 वर्गमीटर
फूड ट्रक जोन- करीब 140 वर्गमीटर

शहर के पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के मुताबिक, रामनिवास बाग की ऐतिहासिक और प्राकृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को विकसित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जयपुर को आधुनिक और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाने की दिशा में यह पहल की जा रही है. नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जेडीए इस परियोजना पर काम कर रहा है.

चौपाटी विकसित होने से रामनिवास बाग इलाके में नागरिक गतिविधियों का विस्तार होने और शहरी पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है. हालांकि, परियोजना के पूरा होने और आमजन के लिए शुरू किए जाने की तारीख अभी नहीं बताई गई है. 
 

Report- Dinesh Tiwari 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES