जयपुर में तीसरे चरण की तैयारी पूरी: 3 नवंबर को 442 बूथों पर होगी वोटिंग, जानें पूरा शेड्यूल
राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जयपुर जिले की 5 पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा. इसके लिए 3.74 लाख से अधिक मतदाता 3 नवंबर को 442 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे.
राजस्थान पंचायती राज चुनाव के दो चरण पूरे होने के बाद अब जयपुर जिले में तीसरे चरण का चुनावी रण शुरू होने जा रहा है. जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार चुनने के लिए चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. तीसरे चरण में 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इसके लिए 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
तीसरे चरण में इन पंचायत समितियों में होंगे चुनाव
सोमवार 2 नवंबर को मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण लेने के बाद सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से रवाना होंगे. तीसरे चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों में चुनाव होंगे. जिला परिषद के 11 वार्डों और पंचायत समितियों के 77 वार्डों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक ईवीएम से मतदान होगा. इसके बाद 4 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन और 5 नवंबर को बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा. इसी दिन मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना कर गांव के मुखिया का फैसला होगा.
यह भी पढ़ें- चुनावी मैदान में उतरीं विधायक की मां-पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी, दांव पर लगी 4 नेताओं की प्रतिष्ठा
कुल मतदाताओं में करीब 48.45 प्रतिशत महिलाओं की हिस्सेदारी
तीसरे चरण में महिला मतदाताओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रहेगी. कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाताओं में 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष और 1 लाख 81 हजार 609 महिला मतदाता हैं. इनके अलावा एक अन्य मतदाता भी है. पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या महज 11 हजार 597 कम है. कुल मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 48.45 प्रतिशत है.
ऐसे में गांव की सरकार चुनने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक हो सकती है. तीसरे चरण में चाकसू पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 32 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे. वहीं सांगानेर में सबसे कम 23 ग्राम पंचायतें हैं. मतदान केंद्रों के लिहाज से चाकसू और माधोराजपुरा में सर्वाधिक 93-93 बूथ बनाए गए हैं. कोटखावदा में सबसे कम 82 मतदान केंद्र हैं.
यह भी पढ़ें- 21 साल की उम्र में प्रेरणा बनीं सरपंच: जयपुर में कर रहीं फिजियोथेरेपी की पढ़ाई
मतदान दलों की रवानगी की तैयारियों का जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर पहुंचकर मतदान दलों की रवानगी की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अंतिम प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री वितरण, वाहन पार्किंग और मतदानकर्मियों की सुविधाओं का निरीक्षण किया. अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों को सामग्री लेने से लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो. सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण में मतदानकर्मियों को ईवीएम संचालन, बैलेट पेपर और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी.
तीसरे चरण में ग्रामीण मतदाताओं को 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनने के लिए मतदान करना होगा. इसके दो दिन बाद 5 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच के लिए वोट डालेंगे. सरपंच के नतीजे उसी दिन सामने आ जाएंगे, लेकिन जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों के लिए 20 नवंबर तक इंतजार करना होगा. सभी चरणों की मतगणना भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में सुबह 8 बजे से शुरू होगी.