बुलडोजर की गड़गड़ाहट से कांपा जयपुर: एक झटके में जमींदोज होने जा रहे हैं 244 अवैध निर्माण, भारी पुलिस बल तैनात
Jaipur News: जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर हाईकोर्ट के निर्देश पर जेडीए ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में 244 दुकान-मकानों पर कार्रवाई होगी. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.
Jaipur News: जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कार्रवाई शुरू कर दी है. राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देश के बाद JDA का प्रवर्तन दस्ता मौके पर पहुंचा और सड़क सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है.
करीब 2.4 किलोमीटर क्षेत्र में हटाया जाना है अतिक्रमण
न्यू सांगानेर रोड पर सोडाला से गुर्जर की थड़ी के बीच करीब 2.4 किलोमीटर क्षेत्र में यह अभियान चलाया जा रहा है. इस पूरे हिस्से में सड़क सीमा के अंदर आने वाले निर्माणों को हटाने की तैयारी है. JDA की कार्रवाई में 244 दुकान-मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने की बात सामने आई है. वहीं सर्वे के दौरान 244 से 260 दुकानों, मकानों और अन्य व्यावसायिक ढांचों को चिन्हित किए जाने की जानकारी है. करीब 210 लोगों को JDA की ओर से नोटिस दिए गए हैं.
100 फीट सड़क चौड़ी करने की योजना
न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का मामला सड़क चौड़ीकरण की योजना से जुड़ा है. मास्टर प्लान के तहत इस सड़क को 100 फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव है. वर्तमान में कई जगह दुकानों, मकानों, व्यावसायिक निर्माणों और अवैध पार्किंग के कारण सड़क की वास्तविक चौड़ाई घटकर सिर्फ 20 से 30 फीट रह गई थी. इसके चलते सोडाला से गुर्जर की थड़ी के बीच रोजाना यातायात दबाव और जाम की समस्या बनी रहती थी.
हाईकोर्ट ने दो महीने में कार्रवाई के दिए निर्देश
इस मामले में जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट ने JDA को करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में मौजूद स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे. JDA ने कार्रवाई पूरी करने के लिए अदालत से पांच महीने से अधिक का समय मांगा था, लेकिन कोर्ट ने इसे मंजूर नहीं किया. अदालत ने दो महीने में कार्रवाई पूरी करने और 6 अक्टूबर तक पालना रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था.
सर्वे के बाद निर्माणों पर लगाए लाल निशान
JDA के नगर नियोजन और प्रवर्तन दस्ते ने सड़क की 100 फीट Right of Way सीमा को लेकर सर्वे किया. सर्वे में सड़क सीमा में आने वाले दुकानों, मकानों और व्यावसायिक ढांचों की पहचान की गई. संबंधित निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए और उन्हें हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए. अब इसी प्रक्रिया के तहत मौके पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई है.
स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति
कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे करीब 30 से 40 वर्षों से इस क्षेत्र में कारोबार और निवास कर रहे हैं. स्थानीय संगठनों की ओर से मुआवजे, पुनर्वास और राहत की मांग की गई है. इस मामले में कुछ पक्षकारों ने हाईकोर्ट में अर्जी लगाई है, जबकि कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचे हैं.