जयपुर मेट्रो फेज-2 को मिली रफ्तार: इन इलाकों से गुजरेगी मेट्रो, जानिए पूरा रूट
जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. पैकेज-2 के लिए 921 करोड़ रुपये का LOA जारी हो चुका है और जल्द ही मौके पर निर्माण शुरू होगा. 42 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में प्रहलादपुरा से विद्याधर नगर के टोड़ी मोड़ तक मेट्रो दौड़ेगी. नवंबर के अंत तक सभी चारों पैकेजों का काम शुरू होने की उम्मीद है.
राजस्थान जयपुर मेट्रो प्रोजेक्ट के दूसरे चरण का काम तेजी से चल रहा है. दूसरे चरण के पैकेज 2 का काम जल्द मौके पर शुरू होने वाला है और अगले महीने तक उम्मीद है कि दूसरे चरण के पूरी 42 किलोमीटर लंबाई में मेट्रो कोरिडोर निर्माण का काम शुरू हो जाएगा.
जयपुर मेट्रो प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में जयपुर की रिंग रोड के पास टोंक रोड पर प्रहलादपुरा से लेकर विद्याधर नगर टोड़ी मोड़ तक मेट्रो दौड़ेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष 4 जुलाई को जयपुर मेट्रो प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में कोरिडोर निर्माण की आधारशिला रखी थी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 3 लाख घरों में लगेंगे फ्री सोलर पैनल: जानें किसे मिलेगी प्राथमिकता
पैकेज-1 का काम जारी, 34 महीने में होगा पूरा
इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 22 जुलाई को दूसरे चरण के पैकेज एक का भूमि पूजन किया. पैकेज एक में मौके पर पाइलिंग का काम चल रहा है. पैकेज एक का काम 34 महीनों में पूरा होगा। जबकि दूसरे पैकेज का काम मौके पर शुरू होने वाला है. जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण के पैकेज एक व दो के अलावा पैकेज तीन व चार के लिए भी राजस्थान मेट्रो की ओर से निविदा प्राप्त कर ली गई है. राजस्थान मेट्रो की काम की रफ्तार देखते हुए उम्मीद यही है कि इस वर्ष नंवबर के अंत तक शेष पैकेजों का काम मौके पर शुरू हो जाए.
पैकेज-2 के लिए 921 करोड़ का LOA जारी
राजस्थान मेट्रो ने इसके लिए सीईएम इंडिया प्रोजेक्ट लिमिटेड को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी कर दिया है. कंपनी को 921 करोड़ रुपये में भूमिगत कॉरिडोर और स्टेशनों का निर्माण करना है. यह काम अनुमानित लागत से करीब 19 प्रतिशत कम राशि पर दिया गया है. LOA जारी होने के साथ ही निर्माण की 36 महीने की अवधि शुरू हो चुकी है. कुछ ही दिनों में मौके पर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है.
3.12 किलोमीटर का होगा भूमिगत कॉरिडोर, बनेंगे दो स्टेशन
पैकेज-2 का निर्माण पिंजरापोल गौशाला से करीब 400 मीटर आगे से शुरू होगा. यहां से बी-2 बायपास चौराहे के पास स्थित क्लोवर लीफ तक 3.12 किलोमीटर लंबा भूमिगत कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस पैकेज में दो भूमिगत मेट्रो स्टेशन निर्मित होंगे. पहला स्टेशन सांगानेर पुलिस स्टेशन के पास बनेगा, जहां से यात्री सीधे एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 तक पहुंच सकेंगे. इसके बाद भूमिगत कॉरिडोर एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के पास पहुंचेगा, जहां दूसरा भूमिगत स्टेशन बनाया जाएगा. आगे यह कॉरिडोर दुर्गापुरा की तरफ स्थित बी-2 बायपास चौराहे के नजदीक क्लोवर लीफ तक जाएगा. इसके बाद मेट्रो कॉरिडोर फिर से एलिवेटेड हो जाएगा.
यह भी पढ़ेंः छोटे कारोबारियों की बल्ले-बल्ले? हर महीने ₹3000 पेंशन देने की उठी मांग, जानिए केंद्र को भेजा गया क्या है नया प्रस्ताव
नवंबर तक पूरे रूट पर शुरू होगा निर्माण
जयपुर मेट्रो के 42 किलोमीटर लंबे दूसरे चरण को चार पैकेज में बांटा गया है. पैकेज-1 का काम करीब दो महीने पहले शुरू हो चुका है, जबकि पैकेज-2 के लिए LOA जारी किया जा चुका है. वहीं, पैकेज-3 और पैकेज-4 के लिए निविदाएं प्राप्त हो चुकी हैं. पैकेज-3 में 11 और पैकेज-4 में 8 फर्मों ने निविदाएं दी हैं. फिलहाल दोनों पैकेजों की तकनीकी निविदाओं की प्रक्रिया चल रही है. राजस्थान मेट्रो का लक्ष्य नवंबर तक शेष तीनों पैकेजों का निर्माण कार्य शुरू कराने का है. इसके साथ ही पूरे 42 किलोमीटर लंबे रूट पर निर्माण गतिविधियां शुरू हो जाएंगी.
पैकेज-3 में बनेंगे 12 एलिवेटेड स्टेशन
पैकेज-3 का निर्माण बी-2 बायपास चौराहे के क्लोवर लीफ से खासाकोठी चौराहे तक किया जाएगा. इसकी कुल लंबाई 11.7 किलोमीटर होगी और इसमें 12 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. करीब 1,392 करोड़ रुपये की लागत वाले इस पैकेज में बी-2 बायपास चौराहा, दुर्गापुरा, गांधी नगर, नेहरू प्लेस, रामबाग सर्किल, नारायण सिंह सर्किल, SMS हॉस्पिटल, अशोक मार्ग, गवर्नमेंट हॉस्टल और खासाकोठी फेज-1 व फेज-2 स्टेशन शामिल होंगे.
पैकेज-4 में विद्याधर नगर तक पहुंचेगी मेट्रो
पैकेज-4 का निर्माण खासाकोठी चौराहे से विद्याधर नगर के टोड़ी मोड़ तक किया जाएगा. 14.5 किलोमीटर लंबे इस पैकेज में कुल 12 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. करीब 1,331 करोड़ रुपये की लागत वाले इस पैकेज में कलेक्ट्रेट, पानीपेच, अंबाबाड़ी, चौमूं पुलिया, विद्याधर नगर सेक्टर-2, VKI रोड नंबर-5, VKI रोड नंबर-9, VKI रोड नंबर-14, हरमाड़ा, हरमाड़ा घाटी और टोड़ी मोड़ मेट्रो स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है. दूसरे चरण के पूरा होने के बाद जयपुर में मेट्रो का नेटवर्क शहर के कई प्रमुख इलाकों तक विस्तारित हो जाएगा.
Report-Abhishek Shrivastava