SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में नई शहरी सरकार का एक्शन शुरू: तालकटोरा का होगा कायाकल्प, पौंडरिक पार्क के फव्वारे भी होंगे ठीक

Jaipur News: जयपुर नगर निगम की नई शहरी सरकार ने शहर के विरासत और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण पर काम शुरू कर दिया है. मेयर सुनील कोठारी ने तालकटोरा और पौंडरिक पार्क का निरीक्षण कर सफाई, रखरखाव और मरम्मत के निर्देश दिए.

Reported By Deepak Goyal Written By Aman Singh
Published: Sep 28, 2026, 07:15 PM IST | Updated: Sep 28, 2026, 07:21 PM IST
Image Credit: AI Generated Image
Join

Jaipur News: राजस्थान के जयपुर में नगर निगम की नई शहरी सरकार बनने के बाद अब शहर की विरासत और पर्यटन स्थलों को संवारने की कवायद शुरू हो गई है. मेयर सुनील कोठारी ने तालकटोरा और पौंडरिक पार्क का निरीक्षण किया.

पदभार संभालने ही सफाई और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता में रखा

मेयर सुनील कोठारी ने तालकटोरा को अभियान चलाकर संवारने के साथ यहां नाव संचालन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए अधिकारियों को मौजूदा व्यवस्थाओं का आकलन कर जरूरी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है. मेयर ने पदभार संभालने के बाद अपने शुरुआती निरीक्षण में सफाई और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता में रखा.

पौंडरिक पार्क में फव्वारे टूटे और चबूतरे क्षतिग्रस्त मिले

नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ तालकटोरा पहुंचे कोठारी ने सफाई, रखरखाव और आसपास की व्यवस्थाएं देखीं. उन्होंने तालकटोरा को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए. पौंडरिक पार्क के निरीक्षण के दौरान कई जगह फव्वारे टूटे और चबूतरे क्षतिग्रस्त मिले. रखरखाव से जुड़ी दूसरी कमियां भी सामने आईं. मेयर ने अधिकारियों को टूटे फव्वारों और चबूतरों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए. साथ ही पार्क की नियमित सफाई और रखरखाव व्यवस्था बेहतर करने को कहा.

तालकटोरा को पर्यटकों के लिए ज्यादा आकर्षक बनाने की योजना

मेयर सुनील कोठारी ने कहा कि प्रमुख उद्यान और पर्यटन स्थलों की खूबसूरती सिर्फ उनके स्वरूप से नहीं, बल्कि सफाई, रखरखाव और वहां मिलने वाली नागरिक सुविधाओं से भी तय होती है. तालकटोरा में नाव संचालन की संभावना पर काम करने के पीछे इसे पर्यटकों और शहरवासियों के लिए ज्यादा आकर्षक बनाने की योजना है.

सुबह मंदिरों से शुरू हुआ दौरा, आसपास की सफाई भी देखी

इससे पहले मेयर ने अलसुबह काले हनुमानजी मंदिर, गोविंद देवजी मंदिर, गोपीनाथजी मंदिर और चांदपोल हनुमानजी मंदिर में दर्शन किए. इस दौरान मंदिर परिसरों और आसपास सफाई व्यवस्था भी देखी. अधिकारियों को इन क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, स्थानीय पार्षद सतीश शर्मा, रेणु खंडेलवाल और भगवती महावर के साथ नगर निगम, स्मार्ट सिटी और संबंधित जोन के अधिकारी मौजूद रहे. नई शहरी सरकार ने विरासत और सफाई से शुरुआत तो कर दी है. तालकटोरा में नाव चलाने से लेकर पौंडरिक पार्क के टूटे फव्वारों को फिर चलाने तक निर्देश जारी हो गए हैं. अब असली तस्वीर इस बात से तय होगी कि ये निर्देश फाइलों से निकलकर जमीन पर कितनी जल्दी दिखाई देते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES