'सजा से बेटा वापस नहीं आएगा, पर न्याय मिलना जरूरी': मयंक हत्याकांड में टीकाराम जूली की डिमांड
जयपुर में हुई युवा स्टार्टअप संचालक मयंक गोपालिया की हत्या के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली उनके परिजनों से मिलने राजगढ़ पहुंचे. उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया.
जयपुर में राजगढ़ निवासी युवा कैफे एवं स्टार्टअप संचालक मयंक गोपालिया की निर्मम हत्या के मामले में राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली राजगढ़ पहुंचे. यहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर मयंक को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को ढांढस बंधाया. जूली ने परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि इस मामले को वे उच्च स्तर पर उठाएंगे ताकि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
परिजनों से मुलाकात के बाद टीकाराम जूली ने जयपुर में हुई हत्या को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य हत्या नहीं, बल्कि राजस्थान में बिगड़ते हालात की तस्वीर है. एक युवा अपने सपनों को साकार करने और अपनी पहचान बनाने के लिए स्टार्टअप शुरू करता है लेकिन उसे निर्ममता से अपनी जान गंवानी पड़ती है. परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया है. अपराधियों को सजा मिलने के बाद भी परिवार को उनका बेटा वापस नहीं मिल सकता.
यह भी पढे़ं- वो मंत्री जिसे याद कर रो पड़े कांग्रेस के दिग्गज नेता टीकाराम जूली
मुख्यमंत्री से पूछा- आखिर कितनी हत्याओं के बाद जागेगी सरकार?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जयपुर प्रदेश की राजधानी है और इसे शांत शहर माना जाता है लेकिन यहां भी लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं. अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. हत्या की धमकियों से लेकर जानलेवा हमलों और हत्याओं तक की घटनाएं हो रही हैं. इसके बावजूद सरकार अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम नजर आ रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर कितनी हत्याओं के बाद सरकार जागेगी? प्रदेश में हत्या, दुष्कर्म, साइबर अपराध और लोगों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
राजधानी में लगातार वारदातों को लेकर सरकार को घेरा
जूली ने कहा कि जयपुर में एक सप्ताह पहले हिस्ट्रीशीटर की हत्या हुई थी, जबकि करीब दो सप्ताह पहले भाजपा के पूर्व विधायक की हत्या का मामला सामने आया था. राजधानी में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. सरकार को इन घटनाओं पर जवाब देना चाहिए और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति न हो.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी लगाए आरोप
टीकाराम जूली ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय पार्षदों और पंचायत समिति सदस्यों को पकड़ने तथा राजनीतिक गतिविधियों में उलझी हुई है. उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान और अब भी जनप्रतिनिधियों को फोन कर बुलाने, धमकाने और भाजपा में शामिल होने अथवा भाजपा प्रत्याशियों की मदद करने के लिए दबाव बनाने की शिकायतें सामने आ रही हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या यही प्रदेश की कानून व्यवस्था है?
परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने का दिया भरोसा
जूली ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी है. जनता टैक्स देती है और उसी से सरकार तथा प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होती है. ऐसे में आम नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का प्राथमिक दायित्व होना चाहिए. उन्होंने कहा कि मयंक के परिवार की मांग है कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए. साथ ही परिवार को आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार की मांगों को सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा.
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक मांगे लाल मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे. युवा मयंक गोपालिया की हत्या से राजगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर है. परिजन आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और न्याय मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.
Reporter- Jugal Gandhi