SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कहां गया जयपुर का राणा: न कैमरा ट्रैप में दिखा, न हुई साइटिंग, अचानक गायब हुआ जंगल का राजा

Rajasthan News: जयपुर के झालाना लेपर्ड सफारी का मशहूर तेंदुआ राणा 15 दिन से लापता है. 48 कैमरों और 4 टीमों से तलाश के बावजूद न कैमरा ट्रैप में उसकी तस्वीर मिली, न कोई साइटिंग हुई. पहले कजोड़ और रेम्बो भी गायब हो चुके हैं.

Reported By Ashish Chauhan Edited By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 09, 2026, 08:20 PM IST | Updated: Oct 09, 2026, 08:23 PM IST
Image Credit: Jhalana Leopard Safari
Join

Jaipur News: देश का मोस्ट फोटोग्राफ्ड तेंदुआ जयपुर के जंगलों से अचानक गायब हो गया. अब जंगल के रखवालों के लिए 15 दिन से रहस्य बना हुआ है कि आखिरकार राणा कहां गया? सुबह से शाम तक राणा की तलाश की जा रही है. लेकिन अब तक राणा नाम का तेंदुआ लापता है. आखिरकार देश का मोस्ट फोटोग्राफ्ड तेंदुआ जंगल से कहां गायब हुआ.

न कैमरा ट्रैप में राणा, न साइटिंग में
राणा को जयपुर के जंगल का राजा कहा जाता है. इसकी सबसे खास बात ये है कि ये देश का मोस्ट फोटोग्राफ्ड तेंदुआ है. लेकिन अब वन विभाग के लिए राणा सबसे बड़ा रहस्य बन गया है. जयपुर के जंगल का राजा राणा अचानक जंगल से गायब हो गया. 15 दिन से राणा लापता है. हैरानी की बात ये है कि न तो राणा कैमरा ट्रैप में कैद हुआ और न ही राणा की कोई साइटिंग हुई. अब जयपुर के जंगल के राजा का लापता होना वन महकमे के लिए बड़ी मिस्ट्री बन गया है. सुबह से रात तक जंगल में राणा की तलाशी की जा रही है. लेकिन राणा की मौजूदगी का एक सुराग भी नहीं मिला. राणा जयपुर में झालाना लेपर्ड सफारी की शान है. क्योंकि सैलानियों को लगभग 70 से 80 प्रतिशत साइटिंग राणा ही देता था. इसलिए इसे देश का मोस्ट फोटोग्राफ्ड तेंदुआ कहा जाता है. एसीएफ जितेंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि राणा की तलाश लगातार जारी है. लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा. कुछ दिन पहले राणा का पैर कांच के टुकड़े से चोटिल भी हुआ था. पिछले साल भी राणा कुछ दिनों के लिए गायब था, लेकिन वो मिल गया था.

रेम्बो और कजोड़ भी नहीं मिले
कहां गया जयपुर के जंगल का राजा? इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए जंगल में 48 कैमरों से मॉनिटरिंग की जा रही है. पहले से जंगल में 12 कैमरों की संख्या बढ़ाई है. 4 टीमें सुबह से रात तक जंगल में लगातार तलाश कर रही हैं. जानकारों का कहना है कि ये पहली बार नहीं है, जब झालाना के जंगलों में तेंदुआ गायब हुआ हो, बल्कि 3 साल पहले भी कजोड़ नाम का तेंदुआ गायब हुआ था. करीब डेढ़ साल पहले रेम्बो के लापता होने की खबर भी सामने आई थी. दोनों ही तेंदुओं का आज तक कोई पता नहीं लग पाया. अब जयपुर के जंगल के राजा का गायब होना झालाना में बड़ा रहस्य बन गया है. रेंजर विजय यादव का कहना है कि तेंदुए के पगमार्क से उसे आइडेंटिफाई करना मुश्किल है. इसलिए ट्रैक पर जाकर टीमें तलाश में जुटी हैं.

शावक से राणा बनने की कहानी
राणा मिसेज खान यानी खानवाली का बेटा है. करीब 7 से 8 साल पहले राणा की मां मिसेज खान ने झालाना के जंगलों में माइंस एरिया में राणा को जन्म दिया. राणा जब शावक था, तभी से दिखने में काफी चुस्त और तंदुरुस्त था. बिना डरे कभी सैलानियों की जिप्सी के सामने आता तो कभी चट्टान पर आकर कैमरे पर पोज देता. इसी बोल्डनेस के कारण उसे जयपुर के जंगल का राजा कहा जाने लगा और उसे नाम दिया गया राणा. अक्सर तेंदुए की उम्र करीब 12 से 13 साल होती है. राणा अभी यंग तेंदुआ है, जिसकी उम्र सिर्फ 7-8 साल ही है. जयपुर के राजा की लोकप्रियता इतनी है कि इस पर राइज ऑफ राणा फिल्म भी बन चुकी है. झालाना के जंगलों में करीब 25 से 30 तेंदुए हैं, जबकि जयपुर में 100 से ज्यादा की संख्या है.

देश के चर्चित तेंदुओं में से एक
राणा देश के सबसे चर्चित तेंदुओं में से है. क्रिकेट जगत से लेकर बॉलीवुड की कई हस्तियां राणा को निहारने जयपुर आती हैं. सूर्यकुमार यादव, साइना नेहवाल, रवीना टंडन जैसी कई सेलिब्रिटीज को राणा ने कई बार शानदार साइटिंग दी है. इसलिए राणा देश का मोस्ट फोटोग्राफ्ड फेस बन गया. जब जयपुर में तेंदुए झालाना के जंगलों से बाहर आ रहे थे, तब राणा को दूसरे जंगल में शिफ्ट करने की भी योजना थी. उसमें तर्क ये था कि राणा पूरा जंगल कवर कर रहा था, जिस कारण दूसरे तेंदुए डिस्टर्ब हो रहे थे. हालांकि बाद में ये योजना आगे नहीं बढ़ पाई. झालाना में राणा के लापता होने की खबर से वन्यजीव प्रेमियों में काफी रोष है, क्योंकि देश-दुनिया से वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर्स राणा की एक झलक और फोटो के लिए दूर-दूर से झालाना आते हैं. अब राणा के लापता होने की खबर से वे हैरान और चिंतित हैं. यहां तक कि मॉनिटरिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशीष चौहान
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES