SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मां के गर्भ में ही पता चल गई थी दिल की बीमारी, जन्म के 17 घंटे बाद ही मासूम की हुई जटिल सर्जरी, पेट में जगह बनाकर लगाया पेसमेकर

जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में डॉक्टरों ने जन्म के महज 17 घंटे बाद 1.5 किलो के नवजात को पेसमेकर लगाकर उसकी जान बचाई. बच्चे के दिल की धड़कन घटकर 30 से 40 प्रति मिनट रह गई थी. दवाओं से सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर पेसमेकर लगाया.

Reported By Ashutosh Sharma Written By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 20:06 IST | Updated: Nov 18, 2026, 20:06 IST
Image Credit: Jaipur Newborn Pacemaker Surgery
Join

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में डॉक्टरों ने जन्म के महज 17 घंटे बाद 1.5 किलो वजन के नवजात को पेसमेकर लगाकर उसकी जान बचाई है. मामला जयपुर के सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी अस्पताल का है. जन्म के समय बच्चे के दिल की धड़कन बेहद धीमी थी. उसका दिल एक मिनट में सिर्फ 30 से 40 बार धड़क रहा था, जिससे उसकी जान को गंभीर खतरा था. दवाइयों और इंजेक्शन से भी धड़कन में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों ने पेसमेकर लगाने का फैसला किया. बच्चे का वजन कम होने और रक्त वाहिकाएं बेहद छोटी होने के कारण यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था.

गर्भ में ही पता चल गई थी दिल की बीमारी
महात्मा गांधी अस्पताल के वरिष्ठ पीडियाट्रिक हार्ट सर्जन डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि बच्चे के दिल की बीमारी का पता गर्भावस्था के दौरान ही चल गया था. पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा भट्ट ने गर्भ में बच्चे के दिल की विशेष जांच की थी, जिसे फीटल इकोकार्डियोग्राफी कहा जाता है. जांच में सामने आया कि बच्चे के दिल की धड़कन नियंत्रित करने वाली प्राकृतिक विद्युत प्रणाली का सही तरीके से विकास नहीं हुआ था. इसी वजह से बच्चे के दिल की धड़कन सामान्य से काफी कम थी. दवाइयों और इंजेक्शन से धड़कन बढ़ाने की कोशिश की गई, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ.

जन्म के 17 घंटे के अंदर लगाया पेसमेकर
डॉ. सुनील कौशल के मुताबिक, बच्चे का वजन जन्म के समय करीब 1.5 किलोग्राम था. उसकी रक्त वाहिकाएं भी बेहद छोटी और नाजुक थीं. ऐसे में पेसमेकर लगाना आसान नहीं था. डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए बच्चे के पेट में विशेष जगह बनाई, ताकि पेसमेकर और उससे जुड़ी तार को सुरक्षित रखा जा सके. इसके बाद पेसमेकर लगाया गया. जन्म के करीब 17 घंटे के भीतर यह जटिल प्रक्रिया पूरी कर ली गई.

पेसमेकर लगने के बाद बच्चे की हालत में सुधार
पेसमेकर लगाए जाने के बाद बच्चे के दिल की धड़कन और सांस लेने की स्थिति में सुधार हुआ. अस्पताल में लगातार डॉक्टरों की निगरानी के दौरान बच्चे का वजन भी करीब 700 ग्राम बढ़ गया. डॉक्टरों का कहना है कि जन्मजात हृदय रोगों की समय पर पहचान और सही इलाज बेहद जरूरी है. आधुनिक तकनीकों की मदद से नवजात बच्चों के कई जटिल हृदय रोगों का इलाज संभव हो रहा है.

इन डॉक्टरों की टीम ने किया इलाज
इस चुनौतीपूर्ण उपचार में वरिष्ठ पीडियाट्रिक हार्ट सर्जन डॉ. सुनील कौशल, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा भट्ट और डॉ. गौरव गोयल सहित तकनीकी विशेषज्ञों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ जन्मजात हृदय संबंधी समस्याओं का इलाज बिना ओपन हार्ट सर्जरी के भी किया जा सकता है. जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में किया गया यह उपचार कम वजन वाले नवजात के लिए जीवनरक्षक साबित हुआ.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES