SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर स्थापना दिवस: 299 साल की विरासत का जश्न सिर्फ दो दिन, नगर निगम की तैयारियों पर उठे सवाल

जयपुर का 299वां स्थापना दिवस इस बार सिर्फ दो दिन मनाया जाएगा. नगर निगम ने कार्यक्रमों में कटौती की है. महापौर ने अगले साल 300वें स्थापना दिवस पर सालभर भव्य आयोजन का वादा किया है.

Written By Deepak Goyal
Published: Nov 17, 2026, 08:18 IST | Updated: Nov 17, 2026, 08:40 IST
Image Credit: जयपुर स्थापना दिवस आज.
Join

299 साल का गौरवशाली इतिहास, दुनिया में पहचान रखने वाली गुलाबी नगरी और स्थापना दिवस के जश्न के लिए सिर्फ दो दिन. जी हां, इस बार जयपुर के स्थापना दिवस समारोह की रौनक फीकी रहने वाली है. हर साल करीब एक महीने तक कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत के रंगों में रंगने वाला जयपुर इस बार महज 48 घंटे में अपना जन्मदिन मनाएगा. नगर निगम ने स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में बड़ी कटौती की है. इसके पीछे नए बोर्ड के गठन के बाद तैयारियों के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलने का तर्क दिया गया है.

सवाल यह है कि क्या 299 साल पुराने ऐतिहासिक शहर के स्थापना दिवस की तैयारी के लिए महज एक महीने का समय पर्याप्त नहीं था? क्या जयपुर की ऐतिहासिक विरासत का उत्सव अब सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रह जाएगा?

18 नवंबर को जयपुर मनाएगा 299वां स्थापना दिवस
गुलाबी नगरी जयपुर की पहचान सिर्फ गुलाबी रंग की इमारतों तक सीमित नहीं है. इसकी 299 साल पुरानी ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला, संस्कृति और परंपराएं इसे दुनिया में अलग पहचान दिलाती हैं. 18 नवंबर को जयपुर अपनी स्थापना के 299 साल पूरे करने जा रहा है. लेकिन इस बार शहर का जन्मदिन पहले की तरह भव्य नहीं होगा.

यह भी पढे़ं- पुलिस अब करेगी 'सांप के जहर' की जांच ! फिल्मों जैसी होगी पुलिस गश्त, अपराधियों को पकड़ने के लिए खरीदी जा रही ये खास मशीनें

हर साल करीब एक महीने तक चलने वाला स्थापना दिवस समारोह इस बार महज दो दिन में सिमट गया है. न महीनेभर सांस्कृतिक आयोजनों की धूम होगी और न ही लंबे कार्यक्रमों की शृंखला. नगर निगम ने 17 और 18 नवंबर के लिए सीमित कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी किया है.

17 और 18 नवंबर को होंगे ये कार्यक्रम
दो दिवसीय समारोह की शुरुआत 17 नवंबर को प्रथम पूज्य मोतीडूंगरी गणेशजी को निमंत्रण देने के साथ होगी. इसी दिन शाम को बिड़ला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसमें सुरेश अलबेला और एहसान कुरैशी सहित कई कवि अपनी रचनाओं से शहरवासियों का मनोरंजन करेंगे.

18 नवंबर को स्थापना दिवस पर गंगापोल दरवाजे पर भगवान गणेश का पूजन होगा. इसके बाद आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में सेवा-पूजा और जयपुर घराने के कथक की प्रस्तुति होगी. शाम को सवाई जयसिंह सर्किल पर जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा. चारों दिशाओं के रास्तों पर आठ हाथियों की मौजूदगी में शहनाई वादन भी होगा.

नगर निगम ने बताई तैयारियों के लिए समय की कमी
स्थापना दिवस समारोह में कटौती को लेकर नगर निगम की अपनी दलील है. महापौर सुनील कोठारी का कहना है कि नगर निगम का नया बोर्ड गठित हुए करीब एक महीना ही हुआ है. ऐसे में बड़े स्तर पर समारोह की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया.

इस तर्क के साथ नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं. जयपुर का स्थापना दिवस कोई अचानक तय होने वाला आयोजन नहीं है. इसकी तारीख हर साल पहले से निर्धारित रहती है. ऐसे में सवाल है कि क्या शहर के सबसे बड़े ऐतिहासिक उत्सव की रूपरेखा पहले से तैयार नहीं की जा सकती थी?

अगले साल 300वें स्थापना दिवस को भव्य बनाने का वादा
महापौर सुनील कोठारी ने अगले साल जयपुर के 300वें स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने का वादा किया है. उनका कहना है कि इसकी तैयारियां अभी से शुरू की जाएंगी और अगले वर्ष सालभर भव्य आयोजन होंगे.

बहरहाल, 299 साल पहले महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने जिस जयपुर की नींव रखी थी, वह आज दुनियाभर में अपनी अनूठी पहचान रखता है. लेकिन इस बार जिस शहर का स्थापना दिवस पहले करीब एक महीने तक मनाया जाता था, उसके 299वें जन्मदिन का जश्न सिर्फ दो दिन में सिमट गया है.

नगर निगम के पास तैयारियों के लिए समय की कमी का तर्क है और अगले साल भव्य आयोजन का वादा भी. अब देखना होगा कि 300वें स्थापना दिवस पर यह वादा हकीकत बनता है या जयपुर की ऐतिहासिक विरासत एक बार फिर घोषणाओं और औपचारिकताओं तक सीमित रह जाती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES