App

जयपुर के एक ही परिवार में 4 हत्या: पत्नी-बेटियों को मारकर पिता को चाय पिलाई, फिर फरार हुआ पति

जयपुर के करधनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई. आरोपी पति राहुल झा पर पत्नी गीता और तीन बेटियों की हत्या का आरोप है. वारदात के बाद उसने पिता को चाय पिलाई, दूध लिया और मोबाइल घर पर छोड़कर फरार हो गया.

जयपुर के एक ही परिवार में 4 हत्या: पत्नी-बेटियों को मारकर पिता को चाय पिलाई, फिर फरार हुआ पति
Image Credit: करधनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

Rajasthan Crime: राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में गुरुवार यानी 10 सितंबर की रात एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया. आरोप है कि राहुल झा ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों को मौत के घाट उतारा और वारदात को अंजाम देने के बाद शुक्रवार सुबह अपने पिता को चाय बनाकर पिलाई. इसके बाद घर से फरार हो गया. पुलिस को  घटनास्थल पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर मिला. आरोपी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ किया और उसे भी घर पर छोड़कर  चला गया.

DCP वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, शुक्रवार यानी 10 अगस्त की सुबह पुलिस को गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर ए-169 में हत्या की जानकारी मिली.  पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अलग-अलग कमरों में चार शव मिले,  मृतकों की पहचान गीता झा (40), नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के रूप में हुई है.

क्या सोते समय की गई चारों की हत्या?
पुलिस के अनुसार, गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने रात के समय पत्नी और बेटियों पर हमला किया.चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. साथ ही  घटनास्थल से पुलिस ने एक पत्थर भी बरामद किया है. ऐसे में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है.

वारदात के बाद आरोपी ने क्या किया?
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे दूध लेने के लिए घर से बाहर गया था. इसके बाद उसने अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय बनाकर पिलाई. फिर चाय पिलाने के बाद वह घर से फरार हो गया. आरोपी अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया और वो भी उसे स्विच ऑफ करके. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और पूछताछ में जुटी हुई है.

बुजुर्ग पिता को कैसे मिली चारों की हत्या की जानकारी?
लक्ष्मीनाथ झा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह जब वह टॉयलेट से बाहर आए तो उनको नीचे के कमरे में खून दिखाई दिया. खून देखकर वह रोने लगे और उन्होंने आसपास के लोगों को इसके बारे में बताया. इसके बाद पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. फिर पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी लेने पर चारों शव बरामद किए.

घर में क्या काम करती थी गीता?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गीता झा घर की पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी. वहीं, उनकी बड़ी बेटी नंदनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी भी करती थी. दूसरी बेटी राधिका 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी, जबकि सबसे छोटी बेटी गिरीश आठवीं कक्षा की छात्रा थी. एक ही परिवार की चार मौतों से इलाके में सनसनी और मातम पसर गया है.

क्या पैसों की परेशानी हत्या की वजह हो सकती है?
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है. पड़ोसियों के अनुसार, राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और लगभग तीन दिन पहले ही गुजरात से जयपुर आया था. एक पड़ोसी महिला ने बताया कि राहुल ने तीन दिन पहले उससे 50 हजार रुपये उधार मांगे थे. महिला के मुताबिक, उसने राहुल को 25 हजार रुपये दिए थे. ऐसे में पुलिस आर्थिक स्थिति और हाल के लेन-देन को लेकर भी जांच कर रही है.

वहीं, मृतकों के रिश्तेदार ने बताया कि परिवार में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं थी. परिवार के लोग खुशी से रह रहे थे. रिश्तेदार का कहना है कि हत्या की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे हैं और उन्हें अभी पूरे मामले की जानकारी नहीं है.

फिलहाल पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से मिले सबूतों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच की जा रही है. साथ ही पुलिस आरोपी राहुल झा की तलाश में जुटी है.


Report- Vishnu Prakash Sharma 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More