SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में भीषण सड़क हादसा, पुलिया से नीचे कार पर पलटा 18 पहिया ट्रेलर, दो की मौत, 4 घायल

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर रोड नंबर-14 के पास तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर पुलिया से नीचे कार पर पलट गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से छह लोग घायल हुए. कई वाहन ट्रेलर की चपेट में आ गए.

Written By Vishnu Prakash Sharma
Published: Nov 13, 2026, 20:20 IST | Updated: Nov 13, 2026, 20:26 IST
Image Credit: जयपुर में रोड नंबर-14 के पास पुलिया से नीचे कार पर पलटा 18 चक्का ट्रेलर.
Join

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दहशत फैला दी. मुरलीपुरा थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर पुलिया से नीचे कार पर पलट गया. हादसे में कार सवार सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच से छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर के नीचे दबकर कार पूरी तरह पिचक गई. मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिया की रेलिंग तोड़ चार फीट नीचे जा गिरा ट्रेलर
जानकारी के अनुसार 18 चक्का ट्रेलर दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहा था. इसी दौरान रोड नंबर-14 पर अनाज मंडी के पीछे पुलिया से उतरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. तेज रफ्तार ट्रेलर पुलिया की रेलिंग तोड़ता हुआ करीब चार फीट नीचे जा गिरा और वहां से गुजर रही कार के ऊपर पलट गया. अचानक हुए इस हादसे में कार, पिकअप, बाइक और स्कूटी सहित करीब पांच वाहन ट्रेलर की चपेट में आ गए. बेकाबू ट्रेलर सड़क किनारे बनी एक दुकान की तरफ भी जा घुसा.

यह भी पढ़ें- किशनगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: लापता मां और 2 साल के बेटे के बावड़ी में तैरते मिले शव, मचा हड़कंप

कार के परखच्चे उड़े, दो लोगों ने गंवाई जान
हादसे में सीता विहार, मुरलीपुरा निवासी रमेश (60) और फागी-रेनवाल निवासी हनुमान सहाय (40) की मौत हो गई. ट्रेलर के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं हादसे में पांच से छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

यह भी पढ़ें- बच्ची को जन्म देने के 2 घंटे बाद ही बिगड़ी तबीयत, जेके लोन अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत, मचा हड़कंप

क्रेन से निकाले गए फंसे लोग, हाईवे पर लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ट्रेलर और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया. हादसे के बाद जयपुर-दिल्ली हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की कतार लग गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया.

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग तोड़ने की बात सामने आई है. हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES