जयपुर में साइबर ठगों का जाल, RAC जवान से 4.80 लाख की ठगी
जयपुर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर धोखाधड़ी के चार नए मामले दर्ज हुए हैं. इनमें 5वीं बटालियन आरएसी घाटगेट में तैनात एक जवान से 4.80 लाख रुपए की ठगी का मामला भी शामिल है. इसके अलावा नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में दो और शिप्रापथ थाना क्षेत्र में एक साइबर ठगी का मामला सामने आया है.
RAC जवान को लगाया 4.80 लाख का चूना
गलतागेट थाना पुलिस के मुताबिक 5वीं बटालियन आरएसी घाटगेट में तैनात शीशराम स्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वो ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं. शीशराम के मुताबिक आरोपी ने गलत पहचान और जाली इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर उन्हें धोखा दिया और 4.80 लाख रुपए ठग लिए . पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नाहरगढ़ में बुजुर्ग और युवती से साइबर ठगी
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हुए हैं. पहले मामले में जाट के कुएं का रास्ता निवासी 67 वर्षीय राजीव मेहना ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी कर साइबर फ्रॉड करने की शिकायत दी है.
वहीं दूसरे मामले में मोहन नगर निवासी 28 वर्षीय युवती निशिता ने साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
शिप्रापथ में 1.82 लाख रुपए की ठगी
शिप्रापथ थाना क्षेत्र में गंगोत्री नगर निवासी अनिल मंडोरा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं. परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने ऑनलाइन डर और चोट पहुंचाने की धमकी देकर उन्हें धोखे में लिया और 1 लाख 82 हजार 824 रुपए की ठगी की. पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच एएसआई बच्चू सिंह को सौंपी है. 3 थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के चार मामले सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी है.
शहर में लगातार साइबर ठगी वारदातें हो रही है. साइबर ठग किसी न किसी प्रकार लोगों से उनकी मेहनत की कमाई को ठग रहे हैं. शहर में पिछले एक महीने डेढ़ सौ से ज्यादा साइबर ठगी की वारदातें सामने आ चुकी है. साइबर क्राइम पुलिस लगातार लोगों को जागरुक कर रही है कि मोबाइल पर कोर्ट, पुलिस या अन्य किसी सरकारी संस्था से किसी प्रकार का कोई नोटिस नहीं आता है. इसके अलावा एपीके फाइलों को नहीं खोले. अनजान नम्बरों से आई मैसेज को नहीं खोलें. किसी को अपना ओटीपी नम्बर नहीं बताएं. इस तरह की तमाम एडवाइजरी साइबर क्राइम पुलिस की ओर से जारी की जा चुकी है.