राहुल गांधी का बचपना कांग्रेस को ले डूबेगा : मंत्री अविनाश गहलोत
जयपुर कमिश्नरेट में जारी कांग्रेस के धरना प्रदर्शन पर बीजेपी ने हमला बोला है. मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी का बचपना कांग्रेस को ले डूबेगा. आपको बता दें कि रितु बराला मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं का सोमवार शाम से कमिश्नरेट के बाहर धरना जारी है. इस बीच दो बार पुलिस के साथ झड़प भी हो चुकी है.
राजधानी जयपुर के पुलिस कमिश्नरेट में एनएसयूआई नेता रितु बराला के मामले में जीरो एफआईआर की मांग को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता धरने पर बैठे हैं और कमिश्नरेट में ही उनकी रातें गुजर रही है.। कांग्रेस के इस अनोखे और कड़े तेवर वाले प्रदर्शन पर अब बीजेपी ने भी पूरी ताकत से पलटवार किया है.
'राहुल गांधी का बचपना ले डूबेगा'
बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राहुल गांधी का बचपना ही पूरी पार्टी को ले डूबेगा. गहलोत ने तंज कसते हुए कहा कि जैसी ऊपर से शैली है, वैसी ही कांग्रेस की नीचे की टीम भी काम कर रही है. उनके मुताबिक, आज के समय में कांग्रेस का दूसरा नाम सिर्फ अराजकता फैलाना रह गया है.
चुनाव से भाग रही है कांग्रेस : बीजेपी
अविनाश गहलोत ने आगे कहा कि प्रदेश में चुनावों का माहौल और आचार संहिता की चर्चाएं हैं. ऐसे में कांग्रेस को जनता के बीच चुनाव में जाना चाहिए. लेकिन पार्टी अच्छी तरह जानती है कि वे चुनाव जीतने वाले नहीं हैं, इसलिए ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के ड्रामे और प्रदर्शन किए जा रहे हैं.
कानून और संविधान नहीं समझने का आरोप
सिर्फ अविनाश गहलोत ही नहीं, बल्कि राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने भी कांग्रेस के इस धरने को आड़े हाथों लिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के कानून और संविधान के दायरे को समझना ही नहीं चाहती. उनका काम सिर्फ सड़क पर उतरकर व्यवस्था को डिस्टर्ब करना और अराजकता फैलाना रह गया है. फिलहाल, एक तरफ जहां कांग्रेस अपनी मांग पर अड़ी है और कमिश्नरेट में डटी हुई है, वहीं बीजेपी के इन तीखे बयानों ने राजनीतिक माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है. देखना ये होगा कि सियासत का ये दौर आगे क्या नया मोड़ लेता है.
ये भी पढ़ें : रितु बराला केस में FIR की मांग को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प, सड़क पर पटके बैरिकेड्स