चाइनीज मांझे से 7 साल के मासूम अबू तल्हा की गर्दन कटी, गर्दन पर 17 टांके आए
मकर संक्रांति का त्योहार नजदीक आने के साथ ही आसमान में जानलेवा खतरा भी मंडरा रहा है, जो कभी किसी राहगीर की गर्दन काट देता है तो कभी बेजुबान पक्षियों की जान ले लेता है. नाम है चाइनीज मांझा. जयपुर में रविवार सुबह इस खतरे की ताजा तस्वीर सामने आई है. जहां महज 7 साल के मासूम अबू तल्हा की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई. एसएमएस अस्पताल में बच्चे की गर्दन पर 17 टांके लगाने पड़े.
जयपुर के गलतागेट इलाके में जानलेवा धागे ने 7 साल के मासूम को अस्पताल पहुंचा दिया. मासूम अबू तल्हा अपने पिता के साथ स्कूटी पर जा रहा था. पिता उमर अपनी पत्नी और बेटे को लेकर ईदगाह स्थित ननिहाल से खोह नागोरियान अपने घर जा रहे थे. रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे गलतागेट चौराहे पर अचानक चाइनीज मांझा बच्चे की गर्दन में आकर उलझ गया. मांझे की धार इतनी खतरनाक थी कि बच्चे की गर्दन पर गहरा घाव हो गया. दर्द से कराहते मासूम ने मांझे को हाथ से हटाने की कोशिश की तो उसकी उंगलियां भी कट गईं. पिता ने तुरंत स्कूटी रोकी. बच्चे की गर्दन पर कपड़ा बांधा और लहूलुहान हालत में एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे.
17 टांकों से बची जान
एसएमएस अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार किया. गर्दन पर गहरा कट होने के कारण 17 टांके लगाने पड़े. हाथ की घायल उंगलियों पर भी पट्टी की गई. प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. फिलहाल उसकी तबीयत ठीक बताई जा रही है.लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर उस सवाल को खड़ा कर दिया है कि आखिर आम सड़क पर चलने वाला व्यक्ति कितना सुरक्षित है ?
मकर संक्रांति से पहले खतरे की घंटी
अब इस हादसे को सिर्फ एक परिवार की परेशानी समझकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. क्योंकि मकर संक्रांति का पर्व नजदीक है. पतंगबाजी का उत्साह बढ़ेगा. छतों पर भीड़ होगी, सड़कों पर आवाजाही रहेगी और इसी दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का इस्तेमाल हुआ तो हादसों की आशंका भी बढ़ सकती है. इसका खतरा सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों तक सीमित नहीं है. पैदल राहगीर, बच्चे, बुजुर्ग और आसमान में उड़ने वाले पक्षी भी इसकी चपेट में आते हैं.
बैन के बाद भी कारोबार
अब सवाल उठता है कि जब इस जानलेवा मांझे पर प्रतिबंध है तो इसकी बिक्री और इस्तेमाल कैसे जारी है ? राजस्थान सरकार ने 20 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी कर राज्य में नायलॉन, प्लास्टिक और अन्य सिंथेटिक सामग्री से बने पतंग उड़ाने वाले धागे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. इसमें चाइनीज मांझे के साथ कांच, धातु या अन्य धारदार पदार्थों से लेपित धागे भी शामिल हैं. निर्माण, बिक्री, भंडारण, आपूर्ति, आयात, परिवहन और इस्तेमाल सभी प्रतिबंधित हैं. आदेश का उल्लंघन करने पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई का प्रावधान है. यानी प्रतिबंध सिर्फ पतंग उड़ाने वाले पर नहीं, बल्कि इसके अवैध कारोबार और सप्लाई चेन पर भी लागू है.
मकर संक्रांति में अभी समय है, लेकिन अब से ही प्रशासन और पुलिस को सक्रिय होना होगा. सिर्फ एक-दो दुकानों पर छापेमारी काफी नहीं होगी. सवाल पूरे नेटवर्क का है. चाइनीज मांझा कहां बन रहा है ? किस रास्ते से जयपुर पहुंच रहा है ? कौन इसकी सप्लाई कर रहा है ? किस बाजार और किन दुकानों पर इसकी बिक्री हो रही है ? ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या सोशल मीडिया के जरिए इसकी खरीद-फरोख्त तो नहीं हो रही ? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस को अभी से विशेष अभियान चलाना होगा.
ये भी पढ़ें : अमरसर में BJP सदस्य अगवा ! होटल में कपड़े उतार पीटा, जबरन RLP ज्वाइन कराने का आरोप