जयपुर की सड़कों पर मचा हड़कंप: काली थार का आतंक, 4 दिन में 3 घटनाएं, 1 की मौत और एक गंभीर घायल
जयपुर में महज चार दिन के भीतर काली थार से जुड़ी तीन अलग-अलग घटनाओं ने सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सांगानेर में थार की टक्कर से 57 वर्षीय स्कूटी सवार की मौत हो गई, राजा पार्क में स्कूटी सवार गंभीर घायल हुआ, जबकि खोरा बीसल में ओवरटेकिंग विवाद के बाद रोड रेज और मारपीट का मामला सामने आया. तीनों मामलों में थार चालक के मौके से फरार होने का आरोप है.
Jaipur News: राजस्थान के जयपुर की सड़कों पर तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है. इन दिनों शहर में एक काले रंग की थार लगातार चर्चा में है. वजह है महज चार दिन में सामने आई तीन अलग-अलग घटनाएं. एक हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई. दूसरे हादसे में स्कूटी सवार गंभीर घायल है, तो तीसरे मामले में ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद ने रोड रेज का रूप ले लिया,
तीनों घटनाओं में काली थार, CCTV से जांच
तीनों घटनाओं में काली थार सामने आई और आरोप है कि चालक मौके से फरार हो गए. CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस अब इन मामलों की जांच में जुटी है. हालांकि पुलिस साफ कर रही है कि किसी खास ब्रांड की गाड़ी के खिलाफ नहीं, बल्कि तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जाएगा.
तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल
राजधानी जयपुर या दूसरा कोई शहर. आबादी इलाके में वाहनों के चलने की रफ्तार की गति निर्धारित है. इस बात के संकेतक रोड पर लगे दिखाई दे जाते हैं, लेकिन तेज गति से चलने वाले वाहन चालकों को ये शायद दिखाई नहीं दे रहे हैं. इनमें भी लग्जरी वाहनों के चालक ओवर स्पीड में गाड़ी चलाते हैं, खासकर रात के वक्त. शहर में हाल ही हुई तीन दुर्घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया.
सांगानेर में स्कूटी सवार की मौत
सबसे पहला मामला सांगानेर इलाके का है, पिछले शनिवार को सुबोध कॉलेज के पास सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार काली थार ने स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में 57 वर्षीय नवल शर्मा की मौत हो गई. टक्कर के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. थार की नम्बर प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी. हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश कर रही है.
राजा पार्क में स्कूटी सवार गंभीर घायल
दूसरी घटना राजा पार्क इलाके की है, उदय मार्ग पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार काली थार ने स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर घायल हो गया. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. अब पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने में जुटी है.
ओवरटेकिंग विवाद में रोड रेज
तीसरी घटना में मामला सड़क हादसे से आगे बढ़कर रोड रेज तक पहुंच गया. खोरा बीसल थाना इलाके में ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि काली थार सवार युवकों ने स्विफ्ट डिजायर चालक से मारपीट की. पिस्टल निकालने और कार में तोड़फोड़ करने के भी आरोप लगे हैं. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
चार दिन में तीन घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
चार दिन, तीन घटनाएं और तीनों में काली थार. ये केवल एक संकेतभर हैं कि रात को इन लग्जरी वाहनों की रफ्तार के कारण कितने लोगों की जान पर बन सकती है. हादसे के बाद चालक का फरार होना हो या फिर रोड रेज में हथियार दिखाने का आरोप. इन घटनाओं ने जयपुर की सड़कों पर सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश
पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, पिछले दो साल में जयपुर शहर में थार वाहनों से जुड़े हादसों में 16 लोगों की मौत हुई है. इसी को देखते हुए अब तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा.
तेज रफ्तार और मॉडिफाइड नंबर प्लेट पर कार्रवाई
हालांकि DCP साउथ राजर्षि राज ने साफ किया है कि पुलिस की कार्रवाई किसी एक ब्रांड की गाड़ी को लेकर नहीं है. पुलिस का फोकस तेज रफ्तार, मॉडिफाइड नंबर प्लेट, काले शीशे और दूसरे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर है. पुलिस के मुताबिक, मानसरोवर सर्किल में पहले भी 400 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई की गई थी. काले शीशे की फिल्म हटाने से लेकर आपत्तिजनक और मॉडिफाइड नंबर प्लेट के खिलाफ भी कार्रवाई की गई.