20 रुपये की पेटीज पड़ी 20 लाख में! जयपुर में व्यापारी की लापरवाही और खाली हो गया बैग
जयपुर के नाहरगढ़ थाना इलाके में 20 रुपये की पेटीज खाते समय व्यापारी के कलेक्शन एजेंट से 20 लाख रुपये की लूट हो गई. स्कूटी पर रखा रुपयों से भरा बैग हेलमेट पहने दो बदमाश झपटकर फरार हो गए. व्यापारी और राहगीरों ने पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग निकले.
जयपुर में महज 20 रुपए की पेटीज खाना व्यापारियों के कलेक्शन एजेट को इतना महंगा पड़ गया कि उसे 20 लाख रुपये से हाथ धोना पड़ा. नाहरगढ़ थाना इलाके में स्कूटी पर बैठकर पेटीज खा रहे व्यापारी की जरा सी लापरवाही का फायदा उठाकर हेलमेट पहने दो बदमाश रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए.
वारदात के बाद व्यापारी और राहगीरों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी गलियों में चकमा देकर ओझल हो गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है.
स्कूटी पर रखा 20 लाख का बैग, बदमाशों ने मारा झपट्टा
नारगढ़ थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित चंपालाल माणक चौक से लेकर नाहरगढ़ थाना इलाके तक व्यापारियों से रुपयों के कलेक्शन का काम करता है. वह अपने साथी के साथ सीकर हाउस से कलेक्शन कलेक्ट कर स्कूटी से नाहरगढ़ इलाके में आया था.
यह भी पढ़ेंः भीलवाड़ा में 72 वर्षीय महिला की हत्या: शव जलाकर नदी में फेंके अवशेष, पुलिस ने 2 युवकों को पकड़ा
इस दौरान दोनों जयलाल मुंशी का रास्ता और गोविंद राव जी का रास्ता के बीच में एक गली में व्यापारी से कलेक्शन लेने के लिए रुक गए. चंपालाल का साथी कलेक्शन लेने चला गया, जबकि वह स्कूटी पर बैठकर साथ लाई हुई पेटीज खाने लगा.
इस दौरान चंपालाल ने 20 लाख रुपये से भरा बैग स्कूटी के आगे रख दिया. चंपालाल पेटीज खाने में व्यस्त था, तभी स्कूटी पर सवार हेलमेट पहने दो बदमाश उसके पास पहुंचे. इससे पहले कि व्यापारी कुछ समझ पाता, बदमाश बैग पर झपट्टा मारकर फरार हो गए.
व्यापारी ने किया पीछा, राहगीर भी दौड़े
बैग लूटकर भागते बदमाशों को देखकर चंपा लाल ने शोर मचाया और अपनी स्कूटी से उनका पीछा शुरू कर दिया. आसपास मौजूद कुछ राहगीर भी बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से गलियों में घुस गए और चकमा देकर आंखों से ओझल हो गए. काफी प्रयास के बावजूद बदमाश हाथ नहीं आए.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में रिश्ता शर्मसार: नाबालिग बहन से दुष्कर्म के आरोप में सगा भाई गिरफ्तार, अगस्त में दर्ज हुई थी FIR
CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस खंगाल रही फुटेज
वारदात के बाद पीड़ित व्यापारी चंपालाल ने नाहरगढ़ थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवाई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है.
20 रुपये की पेटीज और 20 लाख का नुकसान
इस वारदात ने एक बार फिर चलते-फिरते कारोबारियों की रकम की सुरक्षा और नकदी लेकर चलने के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हेलमेट पहने दोनों बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटी गई 20 लाख रुपये की रकम बरामद करना है.