3588 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट: 35 लाख लोगों का इंतजार खत्म, जानिए कब से शुरू होगी पानी की सप्लाई!
Jaipur News: ईसरदा पेयजल परियोजना से दौसा और सवाई माधोपुर के 1,256 गांवों और 6 कस्बों को पानी मिलेगा. 225 एमएलडी फिल्टर प्लांट तैयार है और नवंबर तक शहरी क्षेत्रों में सप्लाई शुरू करने का लक्ष्य है. आगे रामगढ़ बांध के जरिए जयपुर के कई इलाकों को भी पानी मिलेगा.
Jaipur News: दौसा और सवाई माधोपुर जिले के लोगों के लिए ईसरदा पेयजल परियोजना को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है. ईसरदा बांध से इसी साल के आखिर तक दोनों जिलों में पानी की सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है. परियोजना के पूरा होने के बाद दोनों जिलों में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है. इसके लिए फिल्टर प्लांट का काम भी पूरा हो चुका है और अब शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है.
3588 करोड़ की परियोजना, 35 लाख आबादी को मिलेगा फायदा
करीब 3,588 करोड़ रुपए की लागत वाली ईसरदा पेयजल परियोजना के जरिए दौसा और सवाई माधोपुर जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा. परियोजना के तहत 1,256 गांवों और 6 कस्बों तक पानी पहुंचाने की योजना है. इससे करीब 35 लाख आबादी को लाभ मिलने की बात कही जा रही है.
परियोजना के तहत 225 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट तैयार हो चुका है. अब शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नवंबर तक शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
अक्टूबर से रामगढ़ बांध को ईसरदा से जोड़ने की तैयारी
ईसरदा परियोजना के जरिए दौसा और सवाई माधोपुर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता को मजबूत किया जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद बड़ी आबादी को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सकेगा. इससे पेयजल संकट वाले क्षेत्रों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
इसके बाद ईसरदा बांध से रामगढ़ बांध में पानी भरा जाएगा. यह काम ईआरसीपी के जरिए किया जाएगा. माना जा रहा है कि अक्टूबर से रामगढ़ बांध को ईसरदा से जोड़ने का काम शुरू होगा. इसके लिए जल संसाधन विभाग की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
ईसरदा से रामगढ़ बांध तक बनेगा फीडर
ईसरदा से रामगढ़ बांध तक फीडर का निर्माण किया जाएगा. रामगढ़ बांध से 55 एमसीएम जल अपवर्तित किया जाएगा. पानी करीब 115 किलोमीटर का सफर तय कर रामगढ़ बांध तक पहुंचेगा. पानी पहुंचाने के लिए दो हिस्सों में नहर और तीन हिस्सों में पाइपलाइन का निर्माण किया जाएगा.
इस परियोजना में करीब 40 किलोमीटर नहर और 76 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी. ईसरदा, डील नदी, ढूंढ और द्रव्यवती नदी पर पंप हाउस बनाए जाएंगे. भूमि अधिग्रहण सहित इस पूरे काम पर करीब 2,200 करोड़ रुपए की लागत आने की बात सामने आई है.
जयपुर के इन क्षेत्रों तक पहुंचेगा पानी
ईसरदा से रामगढ़ बांध तक पानी पहुंचने के बाद जयपुर जिले के कई क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा. योजना के तहत आंधी, जमवारामगढ़, आमेर, जालसू, गोविंदगढ़, विराटनगर, पावटा और कोटपूतली ब्लॉक तक पानी पहुंचाया जा सकेगा.
इस तरह ईसरदा परियोजना से पहले दौसा और सवाई माधोपुर के लोगों को पेयजल उपलब्धता में राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं आगे रामगढ़ बांध के जरिए जयपुर जिले के कई इलाकों की जल जरूरतों को भी पूरा करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा.