)
Kishangarh Road Accident: राजस्थान के किशनगढ़ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मार्बल एरिया स्थित मकराना चौराहा पुलिया बालाजी मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे लोगों के बीच जा घुसा. ट्रक की चपेट में आने से आठ लोग घायल हो गए. उपचार के दौरान उत्तर प्रदेश निवासी राजबहादुर की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार से इलाका गूंज उठा.
बस का इंतजार कर रहे थे श्रमिक
जानकारी के अनुसार, हाईवे की पुलिया लंबे समय से निजी बसों के अस्थाई स्टॉपेज के रूप में इस्तेमाल हो रही है. शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होने के कारण यहां लोग बस का इंतजार करने के लिए खड़े रहते हैं. हादसे के समय कुछ युवक सिरोही जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे. बताया जा रहा है कि ये युवक मार्बल और हैंडीक्राफ्ट के काम से जुड़े श्रमिक थे और अपने साथियों को बस में बैठाने के लिए पुलिया के पास मौजूद थे.
100 मीटर तक मचाई तबाही
इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर लोगों की तरफ बढ़ा और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर का पोल उखड़कर दूर जा गिरा. इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और करीब 100 मीटर तक सड़क किनारे तबाही मचाने के बाद सर्विस लेन के पास एक पेड़ में जा घुसा. हादसे के बाद सड़क पर जूते-चप्पल बिखरे पड़े थे. घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था.
आठ घायल, एक की उपचार के दौरान मौत
स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. घायलों को निकालकर राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया गया. उपचार के दौरान राजबहादुर ने दम तोड़ दिया. वहीं, एक घायल को गंभीर हालत में अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया. अन्य छह घायलों को भी बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.
ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मदनगंज थाना प्रभारी भवानी सिंह भी जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य के लिए क्रेन बुलाई गई और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाया गया. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है.
चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. इस हादसे ने हाईवे किनारे बने अस्थाई बस स्टॉपेज पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.