जुमे की नमाज अदा करने निकले 'आजम' का बुरा हुआ अंजाम: दिनदहाड़े चाकुओं से ताबड़तोड़ वार, हालत नाजुक है
Kota Crime: कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अय्यप्पा मंदिर रोड पर हिस्ट्रीशीटर आजम खान पर अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया. परिजनों के मुताबिक आजम जुमे की नमाज के लिए घर से निकला था, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर हमला किया. गंभीर रूप से घायल आजम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Rajasthan Crime News: कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात सामने आई. छत्रपुरा इलाके में अय्यप्पा मंदिर रोड पर अज्ञात बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर आजम खान पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में आजम गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायल आजम को तत्काल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
परिजनों के अनुसार, उड़िया बस्ती निवासी आजम खान शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज अदा करने के लिए घर से निकला था. वह अय्यप्पा मंदिर रोड के पास पहुंचा ही था कि पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने अचानक उस पर हमला कर दिया. हमलावरों ने आजम पर चाकुओं से कई वार किए. अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद विज्ञान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, घायल आजम खान का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है.
फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. परिजनों ने किसी पुरानी दुश्मनी की जानकारी होने से इनकार किया है. ऐसे में पुलिस आपसी रंजिश, लेन-देन के विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. हालांकि हमले की वास्तविक वजह आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए अय्यप्पा मंदिर रोड और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस हमलावरों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है. वहीं, गंभीर रूप से घायल आजम का निजी अस्पताल में इलाज जारी है.